पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा में तापमान गिरा, मई में मार्च जैसी ठंड
अधिकतम तापमान सामान्य से सात और न्यूनतम सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम, आज और गिर सकता है पारा

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा में इस समय मौसम पूरी तरह से ठंडा हो गया है। हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। बीते सप्ताह हरियाणा में कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर चला गया था, लेकिन कल दक्षिणी हरियाणा के अनेक हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। प्रदेश के सिरसा में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था। प्रदेश के रोहतक में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम था। प्रदेश के फरीदाबाद के बोपानी इलाके में न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था।
मौसम विभाग ने आज और कल (5-6 मई) के लिए भी ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, पानीपत, मेवात, पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम में अधिकांश स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में अगले दो दिन मौसम ठंडा बना रहेगा, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिली। सबसे ज्यादा बारिश करनाल में 60.5 एमएम दर्ज की गई। इसके अलावा यमुनानगर में 38.5, हिसार में 32.6 और जींद में 19.5 एमएम बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण हरियाणा में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई है। सोमवार रात को हिसार में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। हिसार के आदमपुर, अग्रोहा, बरवाला, किरमारा और खेदड़ एरिया में ओले गिरे। इसके अलावा सिरसा और फतेहाबाद में भी हल्की बारिश देखने को मिली।
इससे पहले रविवार देर रात हिसार, भिवानी, सिरसा और महेंद्रगढ़ में बारिश के साथ ओले गिरे थे। गुरुग्राम, नारनौल, फतेहाबाद और जींद में तेज बारिश हुई थी। हिसार में सोमवार रात कई गांवों में करीब एक इंच जितने ओले गिरे।
प्रदेश का अधिकतम तापमान

प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। 4 मई को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 35.2 रहा। हिसार में तो पारा सामान्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 31.1 डिग्री पर आ गया। अंबाला में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस कम है। इस दौरान करनाल में अधिगम तापमान 30.4 नारनौल में 33.5 भिवानी में 32.0 चरखी दादरी में 31.1, गुरुग्राम में 31.5, जींद में 29.1, झज्जर में 30.2, नूंह में 29.6, पलवल में 29.2, रेवाड़ी में 29.4, पानीपत में 30.5, सोनीपत में 30.2, यमुनानगर में 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादल और बारिश के कारण दिन के समय ‘हीटवेव’ का असर गायब हो गया है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान

प्रदेश में जहां दिन का तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है वहीं राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। सबसे चौंकाने वाले आंकड़े रोहतक से आए, जहां न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 8.1 डिग्री कम है। करनाल में भी पारा 17.2 डिग्री तक लुढ़क गया। अधिकांश जिलों में रात का पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने के कारण कूलर और एसी की जरूरत लगभग खत्म हो गई है। प्रदेश के अंबाला में न्यूनतम तापमान 20.7, हिसार में 19.2, करनाल में 17.2, नारनौल में 20.0, रोहतक में 15.6, भिवानी में 21.0, चरखी दादरी में 19.2, फरीदाबाद में 21.3, गुरुग्राम में 17.9, झज्जर में 20.2, जींद में 18.1, महेंद्रगढ़ में 18.7, नूंह में 20.9, पलवल में 19.5, रेवाड़ी में 19.3, सोनीपत में 18.6 और यमुनानगर में 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा की कुछ हिस्सों में आज और कुछ हिस्सों में कल हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जाएगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को मौसम इसी प्रकार का बना रहेगा और वीरवार को इसमें मामूली परिवर्तन आने की संभावना जताई गई है।