मुख्यमंत्री पहुंचे रोहतक अग्निकांड पीड़ितों के पास, बोले, सरकार खड़ी है आपके साथ
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का आकलन जल्द करने के लिए निर्देश, कहा सरकार करेगी भरपाई

सत्य खबर हरियाणा
CM Meets Rohtak Fire Victim : रोहतक के डी-पार्क मार्केट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को पीड़ित दुकानदारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित व्यापारियों का हाल जाना और अधिकारियों को नुकसान के आकलन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। सीएम ने दुकानदारों से बात करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि सब ठीक हो जाएगा और सरकार उनके साथ खड़ी है। इसके बाद सीएम तीनों मृतकों के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में हुए नुकसान खासकर जनहानि की भरपाई नामुमकिन है। दुकानों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार सहयोग करेगी। यहां आकर देखा तो पाया कि बड़े शोरूम जलकर राख हो गए हैं।
सीएम नायब सैनी सबसे पहले डी-पार्क पहुंचे और जली हुई दुकानों का जायजा लिया। इसके बाद दुकानों के बाहर खड़े प्रभावित दुकानदारों से मिले और आश्वासन दिया कि सरकार हर तरह से मदद करने के लिए तैयार है। मृतक के परिवार वालों को 10 लाख रुपए व घायलों को 2 लाख रुपए आर्थिक मदद दी गई है। सीएम नायब सैनी ने कहा कि डी-पार्क पर आगजनी में दुकानें जली है, जिसमें सामान जला है। इसमें कई जूतों के शोरुम जलकर राख हो गए। सीएम रिलीफ फंड से जूतों के शोरुम वालों को 5-5 लाख रुपए तुरंत जारी किए गए है, जबकि आनंद जूस व सहगल फ्रूट जूस वाले को 2-2 लाख रुपए दिए गए है। वहीं, रेहड़ी वालों को 50-50 हजार रुपए दिए गए है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अधिकारियों से कहा कि नुकसान के आकलन में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और राहत एवं मुआवजे की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं और नुकसान का ब्यौरा भी उनके सामने रखा। प्रशासन का कहना है कि समिति की रिपोर्ट आने के बाद राहत पैकेज और मुआवजे को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सीएम नायब सैनी ने कहा कि पुराने बाजार है, लेकिन कुछ बाजार खुले भी है। डी-पार्क का बाजार खुला है, जहां घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर तेज गति से काम किया और 6-7 घंटे में आग पर काबू पाया। तब तक प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
मेरा कमाने वाला चला गया, परिवार कैसे चलेगा

नेहरु कॉलोनी में मृतक कपिल के घर सांत्वना देने पहुंचे सीएम नायब सैनी के सामने कपिल की पत्नी रोते हुए बोली कि घर में कमाने वाला ही चला गया, अब परिवार का गुजारा कैसे होगा। वहीं, कपिल का बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है, जिसके कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सीएम ने आश्वासन दिया कि सरकार उनकी हर तरह से मदद करेगी। सीएम ने कपिल के बेटे व एक बेटी से भी मुलाकात करते हुए उन्हें सांत्वना दी और कहा कि हिम्मत रखे, सब ठीक हो जाएगा। सरकार हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।
सौरभ के पिता व भाई का बंधाया ढांढस
सीएम नायब सैनी गोहाना रोड पर गुरुनानकपुरा मृतक सौरभ उर्फ रोहित खुराना के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। सीएम ने कहा कि इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ सरकार खड़ी है और किसी प्रकार की परेशानी होने नहीं दी जाएगी।
मृतक अमन की बहन के सिर पर रखा हाथ
सीएम नायब सैनी मृतक अमन यादव के घर पहुंचे और अमन की बहन से मिले। सीएम ने अमन की बहन के सिर पर हाथ टेका और कहा कि हिम्मत रखो। अमन की पत्नी व उसके दोनों बच्चों को भी हिम्मत रखने के लिए कहा। सीएम ने कहा कि दुख की घड़ी में परिवार को हिम्मत रखनी होगी।
एक हादसा जिसने उजाड़ दिए कई परिवार
गत मंगलवार दोपहर हुई यह आग केवल दुकानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि कई परिवारों की जिंदगी को भी गहरे जख्म दे गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया और तीन लोगों की जान चली गई। इस हादसे ने न केवल व्यापारियों की वर्षों की मेहनत को राख में बदल दिया, बल्कि मृतकों के परिवारों से उनके अपने भी छीन लिए। बाजार में आज भी जली हुई दुकानों और बिखरे मलबे के बीच उस भयावह मंजर की तस्वीर साफ दिखाई देती है।
#Haryana #RohtakFire #ChiefMinister #GovernmentSupport #VictimAssistance #CommunitySolidarity #DisasterRelief #FireIncident #HaryanaGovernment #CompassionInAction #SupportForVictims #CrisisResponse #PublicSafety #EmergencyAid #LocalLeadership #HaryanaNews #HumanitarianEfforts #Resilience #TogetherWeStand #HopeAndHealing