PM मोदी करेंगे भारत एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का भव्य उद्घाटन आज शाम

दिल्ली में आज शाम 5 बजे PM मोदी “India AI Impact Expo 2026” का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित होगा। यह एक्सपो और समिट 16 फरवरी से 20 फरवरी तक चलेगा। यह इवेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग और नवाचार का सबसे बड़ा मंच बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार यह एक्सपो नीति और प्रैक्टिस को जोड़ने, तकनीक को आम जनता तक पहुंचाने और नवाचार को व्यापक रूप में लागू करने का अवसर प्रदान करेगा।
विश्व के प्रमुख नेता और तकनीकी विशेषज्ञ होंगे मौजूद
इस भव्य आयोजन में सात देशों के राष्ट्रपति, दो देशों के उपराष्ट्रपति और नौ देशों के प्रधानमंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा दुनिया के प्रमुख तकनीकी कंपनियों के CEO और 2,00,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग लेंगे। पीएमओ के अनुसार पूरे पांच दिनों में इस एक्सपो में कुल 25 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है। एक्सपो 70,000 वर्ग मीटर में फैले 10 एरियाज में आयोजित किया जाएगा। इसमें वैश्विक टेक कंपनियां, स्टार्टअप्स, अकादमिक और रिसर्च संस्थान, केंद्रीय मंत्रालय, राज्य सरकारें और अंतरराष्ट्रीय साझेदार भाग लेंगे। 13 देशों के पवेलियन भी होंगे, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका शामिल हैं।

600 से अधिक स्टार्टअप और 500 सत्र
इस एक्सपो में 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे। ये स्टार्टअप्स वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक और जनसंख्या आधारित समाधान पेश करेंगे। इसके अलावा 500 से अधिक सत्र होंगे, जिनमें 3,250 से अधिक वक्ता और पैनलिस्ट भाग लेंगे। इन सत्रों का मुख्य उद्देश्य यह दिखाना है कि किस तरह एआई विभिन्न क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है और कैसे भविष्य में यह हर वैश्विक नागरिक के लिए लाभकारी हो सकता है। एक्सपो में 300 से अधिक प्रदर्शनी पवेलियन और लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तीन मुख्य थीम होंगे: People, Planet और Growth।
सुरक्षा और आम जनता के लिए प्रवेश
इस आयोजन के लिए दिल्ली शहर में 10,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। एंटी-ड्रोन सिस्टम और एयर डिफेंस सिस्टम लगाए गए हैं। 500 से अधिक CCTV कैमरों के माध्यम से पूरे स्थल की निगरानी की जा रही है। ‘India AI Impact Summit 2026’ में 16 फरवरी को प्रवेश सीमित रहेगा। वहीं प्रदर्शनी 17 फरवरी से सभी के लिए खुल जाएगी। इस एक्सपो का उद्देश्य वैश्विक एआई इकोसिस्टम में नई साझेदारियां बनाना और व्यापार के अवसर प्रदान करना है।