हद है भाई इस बंदे की! जमानत मिलते ही शुरू हो गया पुराने धंधे में
स्वास्थ्य विभाग ने जजपा नेता को भ्रूण लिंग जांच में गिरफ्तार किया, पहले भी दर्ज हैं 6 मामले

सत्य खबर हरियाणा
PNDT Act : स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वीरवार शाम जजपा नेता डॉ. अनंतराम बरवाला को शहर के आजाद नगर स्थित एक क्लिनिक में भ्रूण लिंग जांच करते पकड़ा। टीम के साथ गई पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। अनंतराम पर इससे पहले भी पीएनडीटी एक्ट में 6 प्राथमिकी दर्ज हैं।

स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि डॉक्टर अनंतराम पुराने मामले में जेल से जमानत पर बाहर आकर फिर से भ्रूण लिंग जांच करने लगा है। इस पर कार्यकारी सीएमओ डॉक्टर अनामिका बिश्नोई ने एक महिला को भ्रूण लिंग जांच के लिए तैयार किया। उसने डॉ. अनंतराम से संपर्क कर जांच के लिए वीरवार का दिन तय किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आजाद नगर थाना पुलिस से संपर्क किया। शाम करीब चार बजे महिला आरोपी डॉक्टर की ओर से बताए गए श्री बालाजी क्लिनिक पर पहुंची। आरोपी उसे क्लिनिक की पहली मंजिल पर बने कमरे में ले गया और भ्रूण लिंग जांच शुरू की। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम ने छापा मारा और डॉक्टर को पकड़ लिया। मौके से पीएनडीटी किट और भ्रूण लिंग जांच की मशीन बरामद हुई।
हाईकोर्ट ने डॉ. अनंतराम को कुछ महीने पहले ही बेल पर रिहा किया था। डॉ. अनंतराम बरवाला के बेटे का बीमारी के कारण निधन हो गया था। इसके लिए उन्होंने हाईकोर्ट मे बेल याचिका लगाई थी। बेल मिलने के बाद वह दोबारा भ्रूण लिंग जांच के कार्य में शामिल हो गया। डॉ. अनंतराम बरवाला पर 1999 में भ्रूण लिंग जांच मामले में पहला केस दर्ज हुआ था। इसके बाद अनंतराम पर 2015 में दूसरी बार केस दर्ज हुआ था। इस दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। इस मामले में डॉक्टर पर 28 जून 2015 हिसार शहर थाना में एफआईआर हुई। 5 मई 2016 बरवाला थाना में तीसरी बार एफआईआर हुई। 18 दिसंबर 2018 को बरवाला थाना में ही चौथी बार और 14 जुलाई, 2021 बरवाला थाना में पांचवी बार अनंतराम बरवाला के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। 14 अक्टूबर 2023 को डॉ. अनंतराम पर पीएनडीटी एक्ट के तहत छठा केस दर्ज हुआ था। वहीं, इससे पहले 2020 में डॉ. अनंतराम बरवाला और उनके पुत्र के खिलाफ एक और मामला दर्ज हुआ था। इसमें ऑप्रेशन के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी।
डॉक्टर अनंतराम ने 2024 में जेजेपी के टिकट पर 2024 का विधानसभा लड़ा था, हालांकि इस चुनाव में डॉक्टर को निराशा हाथ लगी थी। अनंतराम का बड़ा बेटा आस्ट्रेलिया में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उनकी पुत्रवधु ही बरवाला में क्लिनिक संभालती है।
#HealthDepartment #Arrests #JJPLeader #SexDetermination #Foetus #LegalAction #CriminalCharges #Healthcare #ReproductiveRights #WomenEmpowerment #HumanRights #JusticeForWomen #LawEnforcement #CommunityAwareness #ProtectLife #PublicHealth #EthicsInMedicine #Responsibility #CommunityJustice