सफीदों में ढाबा संचालक से रंगदारी मांगने वाला मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध पिस्तौल बरामद
जींद पुलिस की बड़ी कार्रवाई : रंगदारी और तोड़फोड़ मामले के दो आरोपी दबोचे, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली

सत्य खबर हरियाणा
Police Encounter : जींद के उप पुलिस अधीक्षक ऋषभ सोढ़ी ने बताया कि सफीदों क्षेत्र में 25 मई को हुई रंगदारी, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी तपन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएसपी ने बताया कि 25 मई को पानीपत-सफीदों मार्ग स्थित बादल सैनी ढाबा पर छह-सात अज्ञात व्यक्तियों ने धावा बोलकर ढाबा संचालक के साथ मारपीट की थी। आरोपियों ने ढाबे में तोड़फोड़ करने के साथ-साथ संचालक से 10 हजार मासिक रंगदारी की मांग भी की थी। मामले में थाना सफीदों में एफआईआर संख्या 79 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब 7 बजे एंटी बर्गलरी टीम (एबीटी) के प्रभारी एएसआई यशवीर को गुप्त सूचना मिली कि मामले के दो मुख्य आरोपी तपन पुत्र राजवीर निवासी कुरड़कला और गोवर्धन उर्फ बंटी निवासी ऐचराकला हथियार के साथ इक्कस बाईपास रजबाहा क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर विशेष टीम गठित करते हुए छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, जब टीम ने आरोपियों को घेरकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जिससे मुख्य आरोपी तपन के पैर में गोली लगी। वहीं, दूसरे आरोपी गोवर्धन को मौके पर ही काबू कर लिया गया।
घटनास्थल से पुलिस ने तपन के कब्जे से एक अवैध .315 बोर की पिस्तौल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपी एक क्रेटा कार में सवार थे, जिसे भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
डीएसपी ऋषभ सोढ़ी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों का किसी आढ़ती से विवाद चल रहा था। हालांकि, अब तक की जांच में तपन के खिलाफ किसी अन्य आपराधिक मामले की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपियों की ओर से एक राउंड फायर किया गया, जबकि पुलिस की ओर से दो राउंड फायर किए गए। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
#HaryanaNews #JindPolice #SafidonIncident #CrimeReport #PoliceEncounter #DhabaOwner #ExtortionCase #IllegalFirearm #LawAndOrder #PublicSafety #CrimeAwareness #HaryanaPolice #JusticeServed #CommunitySafety #LocalNews #CrimePrevention #PoliceAction #HaryanaUpdates #SafetyFirst #CivicResponsibility