फरीदाबाद में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार
शराब ठेके पर गोलियां चलाकर फैलाई थी दहशत, प्रॉपर्टी डीलर से मांगी थी 50 लाख की फिरौती

सत्य खबर हरियाणा
Police Encounter : फरीदाबाद जिला पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोतेई गांव के पास बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान मच्छगर निवासी खान गुर्जर उर्फ अनिल तथा मनीष के रूप में हुई है। ये दोनों वही आरोपी हैं, जिन्होंने बीते शनिवार एक शराब के ठेके और एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी।

पुलिस के अनुसार उसे मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग कर रंगदारी मांगने वाले बदमाश दोबारा उसी इलाके में आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में घेराबंदी कर दी और संभावित रास्तों पर जाल बिछाया। कुछ समय बाद जैसे ही संदिग्ध बाइक सवार वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार से बाइक को भगाना शुरू कर दिया। क्राइम ब्रांच की टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपी सोतेई गांव के पास झाड़ियों और जंगल नुमा रास्ते की ओर मुड़ गए, ताकि अंधेरे और घने जंगल जैसे इलाके का फायदा उठाकर भाग सकें। भागते समय बदमाशों में से एक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें मच्छगर निवासी खान गुर्जर उर्फ अनिल के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही बाइक असंतुलित हो गई और दोनों आरोपी नीचे गिर पड़े। इसी दौरान मनीष उठकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे कुछ ही दूरी पर पीछा कर दबोच लिया।घायल खान गुर्जर को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार इन बदमाशों ने बीते शनिवार एक शराब के ठेके और एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी। बदमाशों ने ठेके से 10 प्रतिशत हिस्सेदारी और प्रॉपर्टी डीलर विनोद भाटी से 50 लाख रुपए की फिरौती की मांग करते हुए धमकी भरी पर्ची फेंकी थी। पर्ची में साफ लिखा था कि यदि पैसे नहीं दिए गए, तो जान से मार दिया जाएगा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस मनीष से गहन पूछताछ कर रही है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर की गई थी। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस ने बदमाशों के पास से वह अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है, जिससे उन्होंने शराब के ठेके पर फायरिंग की थी। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी संगठित तरीके से रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा आरोपियों पर पहले से कितने आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके किसी बड़े गैंग से संबंध तो नहीं हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।