रेप और मर्डर के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार
अपनी पत्नी को पंजाब ले जाने की फिराक में था आरोपी, पुलिस को लग गई भनक

सत्य खबर हरियाणा
Crime News : फतेहाबाद में हत्या और दुष्कर्म के वांछित कुख्यात आरोपित महेंद्र सिंह उर्फ निक्का को सीआईए रतिया पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। आरोपित ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें एएसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। जवाबी कार्रवाई में निक्का के पैर में गोली लगी। उसके पास से अवैध पिस्तौल बरामद हुई। आरोपित पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएसपी मुख्यालय एवं क्राइम कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का पुत्र जीत सिंह निवासी आजाद नगर, फतेहाबाद हाल किरायेदार गली नंबर 8, नजदीक वाल्मीकि चौक फतेहाबाद जनवरी में सड़क पर मिली एक महिला के मर्डर व दुष्कर्म के गंभीर मामले में वांछित चल रहा था। आरोपी पहले भी सिरसा पुलिस की कस्टडी से फरार हो चुका था तथा लंबे समय से पंजाब क्षेत्र में छिपकर रह रहा था।
उन्होंने बताया कि सीआईए रतिया टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी अपनी पत्नी को साथ लेकर पंजाब जाने के उद्देश्य से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान नगल के समीप भाखड़ा नहर रोड पर पुलिस टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी ने पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क पर कंक्रीट होने के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई और आरोपी नीचे गिर गया। गिरते ही आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान टीम में शामिल एएसआई रघुबीर सिंह को निशाना बनाकर चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर सीधे आकर लगीं, जबकि दो गोलियां पास से निकल गईं। बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण एएसआई रघुबीर सिंह सुरक्षित बच गए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चलाई गई गोली आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल, चार खाली खोल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा रेफर कर दिया गया। डीएसपी मुख्यालय एवं क्राइम कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपित महेंद्र सिंह उर्फ निक्का निवासी आजाद नगर फतेहाबाद जनवरी माह में सड़क पर मिली एक महिला की डेड बाडी से जुड़े हत्या व दुष्कर्म के मामले में वांछित था। आरोपित पहले भी सिरसा पुलिस की कस्टडी से फरार हो चुका था और लंबे समय से पंजाब क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से पंजाब में छिपकर रह रहा था और अपनी पत्नी को साथ लेकर वहां जाने की योजना बना रहा था। आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ विभिन्न जिलों में 18 मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2020 में थाना निमराणा जिला अलवर में चोरी का मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2019 में थाना भट्टू कलां में घर में घुसकर चोरी का मामला दर्ज हुआ। वर्ष 2021 में थाना शहर फतेहाबाद में स्नेचिंग का मामला दर्ज हुआ। वर्ष 2021 में थाना डिंग जिला सिरसा में पुलिस कस्टडी से फरार होने से संबंधित मामला दर्ज किया गया। वर्ष 2022 में थाना शहर फतेहाबाद और भट्टू कलां में घर में घुसकर चोरी के मामले दर्ज हुए। वर्ष 2023 में थाना शहर फतेहाबाद और सदर फतेहाबाद में चोरी के कई मामले दर्ज हुए। वर्ष 2024 में थाना सदर हांसी में चोरी का मामला दर्ज हुआ। वहीं वर्ष 2025 में थाना शहर फतेहाबाद में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा वर्ष 2026 में थाना बवानीखेड़ा, थाना डिंग जिला सिरसा और थाना शहर फतेहाबाद में हत्या, दुष्कर्म व अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
#AccusedOfRape #MurderArrest #PoliceEncounter #CrimeNews #JusticeServed #LawEnforcement #BreakingNews #TrueCrime #Investigation #SafetyFirst #CrimeStory #LegalProcess #CrimeWatch #CivilJustice #LawAndOrder #PoliceReport #GetTheFacts #PublicSafety #LegalRights #ProtectAndServe