जुलाई और अगस्त में ‘मेरी विकसित विधानसभा अभियान’ के अंतर्गत विधायक करेंगे सीधे जनता से संवाद
भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में हरियाणा विजन 2047 की होगी समीक्षा

सत्य खबर हरियाणा
Haryana BJP Core Group : हरियाणा भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आज रविवार को दोपहर में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। इसमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता सहित केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, ओपी धनखड़, कमल गुप्ता, पूर्व सांसद सुधा यादव तथा सुनीता दुग्गल सहित कोर ग्रुप के सभी प्रमुख सदस्य बैठक में शामिल होंगे।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ‘विकसित हरियाणा-2047’ के रोडमैप पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा घोषित ‘मेरी विकसित विधानसभा अभियान’ को लेकर भी रणनीति तय किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि जुलाई और अगस्त माह में सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे। गांवों, वार्डों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों से सुझाव लेकर ‘विकसित हरियाणा-2047’ का जनभागीदारी आधारित रोडमैप तैयार किया जाएगा।
‘मेरी विकसित विधानसभा अभियान’ के तहत शिक्षा एवं कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं पोषण, जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रत्येक युवा को कौशल और प्रत्येक हाथ को रोजगार उपलब्ध कराना है। साथ ही आईटीआई, पॉलीटेक्निक और कॉलेजों को उद्योगों से जोड़कर युवाओं की रोजगार क्षमता को 95 प्रतिशत तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
हरियाणा विजन-2047 और नशा मुक्त अभियान पर भी रहेगा फोकस
हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘हरियाणा विजन-2047’ के रोडमैप को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशे के खिलाफ जनजागरूकता और जनभागीदारी का संकल्प भी दिलाया था। इसी बैठक में सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई थी। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से नई योजनाओं और नीतिगत पहलों पर भी व्यापक मंथन किया गया था।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकार का संकल्प वर्ष 2047 तक हरियाणा को विकसित, समृद्ध, समावेशी और जनकेंद्रित राज्य के रूप में स्थापित करना है, जहां विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान रूप से पहुंचे। ऐसे में माना जा रहा है कि रविवार की कोर ग्रुप बैठक में इन सभी अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन और संगठन की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
#MeriVikasitVidhanSabha #HaryanaMLAs #PublicInteraction #CommunityEngagement #LocalGovernance #CitizenParticipation #DevelopmentCampaign #HaryanaDevelopment #EmpoweringCitizens #GrassrootsInitiative #ConstituencyConnect #PublicService #HaryanaPolitics #ParticipatoryDemocracy #MLAOutreach #CommunityDevelopment #HaryanaNews #GovernmentTransparency #CivicEngagement #HaryanaInitiatives