Kiran Rao Birthday: किरण राव की लग्जरी लाइफस्टाइल और करोड़ों की नेटवर्थ

बॉलीवुड एक्टर आमिर खान की एक्स वाइफ किरण राव आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। किरण सिर्फ आमिर खान की एक्स पत्नी ही नहीं, बल्कि एक टैलेंटेड फिल्ममेकर, प्रोड्यूसर और स्क्रीनराइटर भी हैं, जिन्होंने अपने दम पर इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि किरण राव एक रॉयल फैमिली से ताल्लुक रखती हैं और उनका नाता बॉलीवुड एक्ट्रेस अदिति राव हैदरी से भी जुड़ा हुआ है?
किरण राव का जन्म 7 नवंबर 1973 को बेंगलुरु में हुआ था। उनके पिता सीआर राव रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर हैं और मां का नाम उमा राव है। उनका बचपन कोलकाता में बीता, जहां उन्होंने लोरेटो हाउस और ला मार्टिनियर फॉर गर्ल्स स्कूल से पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने सोफिया कॉलेज फॉर विमेन से इकनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया। आगे चलकर किरण ने नई दिल्ली के एजेके मास कम्युनिकेशन रिसर्च सेंटर से मास्टर्स की डिग्री हासिल की।
किरण के दादाजी वानापर्थी के राजा जे. रामेश्वर राव थे, जो हैदराबाद के निजाम के अधीन एक जागीर के शासक थे। यानी किरण असल मायनों में ‘रॉयल ब्लडलाइन’ से हैं। यही कारण है कि उनकी शख्सियत में एक खास शालीनता और ग्रेस झलकती है। अदिति राव हैदरी उनके दादा के परिवार से ही संबंध रखती हैं, इसलिए दोनों चचेरी बहनें हैं।
किरण ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत आशुतोष गोवारिकर की फिल्म “लगान” में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में की थी। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात आमिर खान से हुई। कुछ सालों के रिलेशन के बाद दोनों ने 2005 में शादी की और 2011 में सरोगेसी के जरिए बेटे आजाद राव खान का स्वागत किया। हालांकि, 2021 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया।
फिल्मों के प्रति किरण की समझ हमेशा से गहरी रही है। उन्होंने ‘धोबी घाट’ जैसी फिल्म का निर्देशन किया और ‘दिल चाहता है’, ‘तारे ज़मीन पर’ जैसी फिल्मों के प्रोडक्शन में भी अहम भूमिका निभाई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, किरण राव की कुल नेटवर्थ लगभग 154 करोड़ रुपये के आसपास है। वह मुंबई में अपने बेटे आजाद के साथ रहती हैं और फिल्मों के साथ-साथ समाजसेवी कार्यों में भी सक्रिय रहती हैं।