सट्टेबाजों की शिकायत करना पड़ा भारी, चाकूओं से गोदकर हत्या
सट्टेबाजों की शिकायत करना पड़ा भारी, चाकूओं से गोदकर हत्या

Crime News : पानीपत की खटीक बस्ती में पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार देर शाम वेस्ट कपड़ों के कारोबारी विक्रम उर्फ विक्की (38) की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। विक्रम अपनी दुकान से घर वापस लौट रहे थे। परिजनों ने कॉलोनी के ही कुछ युवकों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। पानीपत पुलिस ने आरोपी लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस ने नागरिक अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया।
आरोप है कि सट्टेबाजी की शिकायत करने पर पहले भी विक्रम पर हमला किया था और उनकी मोटरसाइकिल में आग लगा दी थी। आरोपियों में से कई हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आए हुए हैं। थाना सेक्टर-29 की पुलिस और सीआईए की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया था।
मृतक के भतीजे जयदीप पंवार ने बताया कि हमलावर पहले भी एक किशोर की हत्या कर चुके हैं। आरोपियों ने 2024 में एक किशोर की हत्या की थी। जिसके बाद आरोपियों को जेल भेज भेज दिया गया था। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आए थे। जमानत पर आने के बाद से ही वह लगातार उन्हें धमकी दे रहे थे।
कैसे हुई घटना
विक्रम वेस्ट कपड़े का काम करते थे। वह शुक्रवार शाम काम से घर लौट रहे थे। उनके साथ में भतीजा जयदीप भी था। वह जैसे ही घर के पास पहुंचे तो कॉलोनी के ही बिट्टू, अक्षय, साहिल, बिट्टू के बेटे और शोंधापुर के दीपक ने उनको घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। जिससे विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी वारदात के बाद मौके से भाग गए। विक्रम को जिला नागरिक अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
क्या है रंजिश
मृतक विक्रम के भाई संजय ने बताया कि आरोपी कॉलोनी में सट्टे का काम करते थे। विक्रम ने वर्ष 2024 में उनकी शिकायत कर दी थी। जिसके बाद उन्होंने विक्रम पर हमला किया कर दिया था और उसकी मोटरसाइकिल में भी आग लगा दी थी। साथ ही उनके खिलाफ भी झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया था। आरोपियों ने दो बार उसके साथ मारपीट की। एक बार पहले भी विक्रम के पेट में चाकू मार दिया था। उसी समय की रंजिश चली आ रही है। कुछ दिन पहले भी आरोपी विक्रम की हत्या करने की धमकी दे चुके हैं। जिसकी शिकायत चौकी पुलिस को दी गई थी। लेकिन उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
डीएसपी यातायात सुरेश सैनी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने सेक्टर-29 थाना में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सेक्टर 29 थाना के साथ सीआईए की टीमें घटनास्थल और जिला नागरिक अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों ने पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की तीन टीमों को हमलावरों की गिरफ्तारी में लगाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।