
CM Haryana Nayab Singh Saini ने कहा है कि कांग्रेस ने 55 साल तक देश को केवल प्रलोभन दिया। इन्होनें कभी टॉफी, तो कभी चॉकलेट का लोभ दिया लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। इसी कारण जनता अब कांग्रेस से निराश है और बिहार में लगातार एनडीए की नॉन-स्टॉप सरकार बन रही है। वह सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सिरसा के चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय में आयोजित श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर आधारित राष्ट्रीय सेमिनार पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिहार विधानसभा चुनाव बात की। सीएम सैनी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार एनडीए की सरकार भारी बहुमत से बनेगी।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सरकार गरीबों के विकास और सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों के जीवन स्तर को उठाने के लिए केंद्र सरकार की नीतियों का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
राहुल के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं
राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर जवाब देते हुए सैनी ने कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर वे विस्तार से बात करेंगे, लेकिन बिना तथ्यों के बयानबाजी बेकार है।
25 को प्रधानमंत्री हरियाणा में
इस दौरान सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष को बड़े स्तर पर मना रही है। प्रदेशभर में चार शहीदी यात्राएं निकाली जा रही हैं, जिनमें से एक यात्रा सिरसा के गांव रोड़ी से शुरू हुई है। ये यात्राएं 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगी और 25 नवंबर को होने वाले समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं
सीएम नायब सैनी ने कहा कि गुरुद्वारा चिल्ला साहिब की जमीन सरकार द्वारा गुरुद्वारा साहिब के नाम की गई। मलोहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक का शिलान्यास किया गया। रोड़ी को उप तहसील बनाने को लेकर सीएम ने कहा कि कमेटी को रिपोर्ट के लिए भेजा गया है। रोड़ी को ब्लाक दर्जा दिए जाने की मांग पर सीएम ने कहा कि कार्यालय से अवश्य प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। अनाज मंडी रोड़ी में यार्ड को अपग्रेड किए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि नार्म पूरे करने पर अपग्रेड किया जाएगा। रोड़ी पीएचसी को सामुदायिक केंद्र में अपग्रेड किए जाने पर सीएम ने कहा कि सीएमओ से रिपोर्ट मांगी थी
, जिसमें पता चला है कि यहां 60 हजार आबादी है। सामुदायिक केंद्र के लिए एक लाख 20 हजार आबादी होना जरूरी है। क्षेत्र की जनसंख्या के आधार पर अभी नहीं हो सकता। नॉर्म पूरे करने पर अपग्रेड किया जाएगा। इस दौरान रोड़ी में गरीब समुदाय के लिए कम्युनिटी सेंटर बनाने की मांग की गई, जिस पर सीएम ने कहा कि ग्राम पंचायत के पास जमीन नहीं है। जमीन मिलने पर कम्युनिटी सेंटर का पैसा जारी किया जाएगा। गंदे पानी की निकासी के लिए सीवरेज की व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि बड़ागुढ़ा के पास पंचायत भूमि नहीं है। घग्गर में निपटारा नहीं किया जा सकता। इसलिए छोटे स्तर का एसटीपी लगेगा,
जिससे पानी ट्रीट करके खेती में इस्तेमाल किया जाएगा। रोड़ी की मूलभूत सुविधा के लिए ग्राम पंचायत ने 5 करोड़ रुपए की मांग रखी जिस पर सीएम ने कहा कि पंचायत के पास आय का जरिया नहीं है। पंचायत उप मंडल अधिकारी से कहा गया है। उन्होंने पंचायत को 5 करोड़ रुपए देने के लिए फिजिबिलिटी पूरी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गुरुघर में लंगर हॉल का निर्माण किया जाएगा।