Haryana News: गौ तस्कर इरशाद ने पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में घायल होकर पलवल में गिरफ्तार

Haryana News: हरियाणा के पलवल जिले में मंगलवार को पुलिस ने एक कुख्यात गौ तस्कर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 30 वर्षीय ईरशाद निवासी कोट गांव, पलवल के रूप में हुई है। ईरशाद पर पलवल और नूंह जिलों में हत्या के प्रयास, गौ हत्या, पशु क्रूरता और पुलिस पर हमला जैसी गंभीर धाराओं सहित कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने जानकारी दी कि ईरशाद को पैर में गोली लगने के बाद काबू किया गया, फिलहाल उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह पलवल पुलिस की एक टीम ने होडल-नवलगढ़ रोड पर ईरशाद को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही ईरशाद ने कार से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद ईरशाद ने कार छोड़कर पैदल भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें ईरशाद के दाहिने घुटने में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
#SP पलवल श्री वरुण सिंगला के कुशल नेतृत्व में गो-तस्करों की खैर नहीं,#CIA होडल ने गो-तस्कर से हुई "मुठभेड़" में तस्कर अवैध देसी कट्टा तथा गाड़ी ब्रेजा सहित #दबोचा।
गो-तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पलवल पुलिस प्रतिबद्ध,वर्ष 2025 में 41 गो-तस्करों को भेजा जेल की सलाखों के पीछे-#SP pic.twitter.com/p0hptZYUEX
— People's Police-Palwal Police (@palwalpolice) July 15, 2025
परिवार पर भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज
घटना की जानकारी देते हुए पलवल के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि ईरशाद का परिवार भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। उसके पिता नसरु और दो भाइयों आजाद और तौफीक पर गौ हत्या और पुलिस पर हमले जैसी गंभीर धाराओं में 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ईरशाद से पूछताछ जारी है, जिससे गौ तस्करी से जुड़े अन्य गिरोह और उनके नेटवर्क की जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस की ओर से लगातार गौ तस्करी और संगठित गिरोहों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
हरियाणा में गंभीर समस्या बनी हुई है गौ तस्करी
बता दें कि हरियाणा में, विशेष रूप से नूंह, पलवल और फरीदाबाद जिलों में गौ तस्करी एक गंभीर समस्या बनी हुई है। इन जिलों में अक्सर गौ हत्या और पशु तस्करी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। गौ तस्कर संगठित गिरोह बनाकर काम करते हैं और कई बार पुलिस पर भी हमला करने से नहीं चूकते। हरियाणा सरकार ने गौ हत्या पर सख्त कानून बनाए हैं, फिर भी तस्करी की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। पुलिस इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है, लेकिन तस्कर अपनी गतिविधियों को जारी रखे हुए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि ईरशाद की गिरफ्तारी से गौ तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार होगा और इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।