Jind: बदोवाल के पास हुआ बड़ा हादसा! कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पलटी, 14 घायल

Jind। जिले में हिसार चंडीगढ़ हाईवे पर बदोवाल के पास एक कैंटर का टायर फटने से 14 कांवड़िए घायल हो गए। घायलों में से एक को गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। घायल हुए सभी कांवड़िए फतेहाबाद जिले के रहने वाले हैं। यह सभी फतेहाबाद से हरिद्वार कावड़ लेने के लिए जा रहे थे।
श्रावण माह के चलते कांवड़ यात्रा के लिए देशभर से श्रद्धालु हरिद्वार जा रहे हैं। नेशनल हाईवे हिसार-चंडीगढ़ रोड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हरिद्वार जल लेने जा रहे कांवड़ियों से भरा एक कैंटर बदोवाल गांव के पास पलट गया। हादसा कैंटर का टायर फटने के चलते हुआ, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में करीब दो दर्जन कांवड़िये घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को छुट्टी दे दी गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल कांवड़िये हिमांशु पुत्र रोहतास को बेहतर इलाज के लिए अग्रोहा रेफर किया गया है।

हादसे के शिकार सभी कांवड़िये फतेहाबाद जिले के गांव बिगड़ व किरडान के निवासी हैं। 22 श्रद्धालुओं का यह जत्था हरिद्वार जल लेने के लिए निकला था। रास्ते में नरवाना के पास बदोवाल के समीप आईसर कैंटर का टायर फट गया, जिससे गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई।
हादसे में घायल होने वालों में संदीप (38), सुमीत (30) पुत्र राजकुमार, सौरभ (25) पुत्र सुरेश, विक्की (22) पुत्र अनिल, सनी (26) पुत्र बंसीलाल, नानक (28) पुत्र रामकुमार, हिमांशु (19) पुत्र रोहतास, कमल (22) पुत्र छिंदरपाल, जोनी (21) पुत्र भोला राम, ललित (25) पुत्र प्रेम सिंह, सोनू (19) पुत्र कृष्ण, अंकित (20) पुत्र विक्की, कृष्ण (22) पुत्र राकेश (सभी निवासी बिगड़, जिला फतेहाबाद) तथा प्रिंस (20) पुत्र जंतर सिंह, निवासी किरडान, जिला फतेहाबाद शामिल हैं।
सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में टायर फटना ही हादसे की वजह लग रही है।