अपराधियों की कमाई पर अब पुलिस का बुलडोजर एक्शन एक सप्ताह में एक दर्जन से ज्यादा अपराधियों के कब्जे गिराए
अपराधियों की कमाई पर अब पुलिस का बुलडोजर एक्शन एक सप्ताह में एक दर्जन से ज्यादा अपराधियों के कब्जे गिराए

Satya Khabar Panchkula
प्रदेश की गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ अब अपराधियों की आर्थिक रूप से कमर तोड़ने का काम शुरू कर दिया है। इस कड़ी में पुलिस ने अपराधियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाने का काम किया है। पिछले एक सप्ताह में एक दर्जन से ज्यादा अपराधियों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया गया है। पुलिस का कहना है कि वह लगातार अपराधियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों की जानकारी जुटाने का काम कर रही है और आने वाले दिनों में यह काम लगातार चलता रहेगा।
गुरुग्राम में अपराधियों के हौसलों को पस्त करने के लिए पुलिस का बुलडोजर ऐक्शन जारी है। पुलिस ने इसके लिए बाकायदा अभियान छेड़ दिया है। इस अभियान के तहत गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को भी अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गैंगस्टर और 8 अन्य अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चला दिया। पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद अपराधियों की आर्थिक रीढ़ को तोड़ना है जो अपराध के जरिए काली कमाई कर सरकारी जमीनों पर कब्जा जमाए हुए थे।

पुलिस ने जेल में बंद एक कथित गैंगस्टर रिकी की ओर से सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाई गई ‘रिकी की मंडी’ को भी जमींदोज कर दिया। ‘रिकी की मंडी’ में करीब 100 अस्थाई और 10 पक्की दुकानें बनी हुई थीं। आरोपी हर महीने इस मंडी से लाखों की अवैध वसूली करता था। रिकी पर 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इन अवैध दुकानों को इंस्पेक्टर मंजीत (SHO सेक्टर 37 पुलिस थाना) के नेतृत्व में एन्फोर्समेंट की एक टीम को साथ लेकर लगभग 80 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया।
इस बीच थाना बादशाहपुर क्षेत्र में पुलिस व नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई गई मार्किट को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। शातिर अपराधियों में शामिल दो आरोपियों द्वारा अवैध कब्जा किया गया था, जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक रिकार्ड दर्ज है। यह अवैध निर्माण बादशाहपुर स्थित श्मशान घाट के सामने खसरा नंबर 39/24 की सरकारी भूमि पर था, जिसका उपयोग पिछले कई वर्षों से किराए और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कोई किसी भी प्रकार का विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
पुलिस के अनुसार सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बादशाहपुर के रविदास मोहल्ला निवासी नरेन्द्र उर्फ टिल्लू और रवि द्वारा किया गया था। दोनों आपस में सगे भाई हैं और थाना बादशाहपुर क्षेत्र के घोषित आदतन अपराधी (बीसी/10 नंबरी) हैं। बताया गया है कि इनका अवैध कब्जा करीब पांच वर्षों से अधिक समय से चला आ रहा था।
पुलिस ने हत्या, रंगदारी और अपहरण के 19 मामलों में और 2019 में गैंगस्टर अशोक राठी की गोली मार कर हत्या के आरोपी सोनू राठी ने अलीपुर गांव में करीब 1000 वर्ग गज के प्लॉट पर बिना किसी अनुमति के घर बनाया था। घर के अवैध हिस्से पर तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम देने के लिए गुरुग्राम पुलिस नगर निगम के दस्ते के साथ बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हुई इस कार्रवाई का सोनू राठी के परिजनों ने विरोध किया और अदालत के स्टे ऑर्डर होने का भी दावा किया। हालांकि, प्रशासन ने दस्तावेजों की गहन जांच के बाद अवैध हिस्सों पर ही बुलडोजर की कार्रवाई की।प्रशासन ने लगभग 500 वर्ग गज क्षेत्र में बने अवैध निर्माण को गिरा दिया।