अहीरवाल की राजनीति में राव इंद्रजीत का दबदबा
संगठन से जुड़े नेताओं पर भारी पड़े केंद्रीय मंत्री के समर्थक

सत्य खबर हरियाणा
Ahirwal Politics : अहीरवाल की राजनीति राव इंद्रजीत सिंह और उनके विरोधियों के बीच शुरू से कशमकश रही है। हरियाणा में चल रहे स्थानीय निकाय चुनाव में रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका दो ऐसे चुनाव भी हैं जो अहीरवाल क्षेत्र के प्रमुख गढ़ हैं।

प्रदेश भाजपा में इन दोनों ही क्षेत्रों में चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के बीच कई दिनों से टिकट की मारामारी चल रही थी लेकिन और मौके पर भाजपा ने राव इंद्रजीत सिंह की झोली में दोनों क्षेत्र में अध्यक्ष पद की टिकट डाल दी।
भाजपा ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की पसंद के दोनों चेहरों पर अपनी मोहर लगा दी। रेवाड़ी में पूर्व चेयरमैन विनिता पीपल और धारूहेड़ा में निवर्तमान नगर पालिका उपप्रधान अजय जागड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है। रेवाड़ी में डॉ. हर्षा निंबल और उषा कांटीवाल अंतिम समय पर संगठन की पसंद के चेहरे बनकर राव इंद्रजीत सिंह समर्थक विनिता पीपल को टिकट की जंग में कड़ी चुनौती देती रही। अंत में विनिता पीपल बाजी मारने में सफल रही।
सूत्रों की मानें तो विधायक से पार्टी पदाधिकारी तक अधिकतर टिकट वर्षों से संगठन से जुड़े कार्यकर्ता को देने के पक्ष में थे। केंद्रीय मंत्री हमेशा अपने समर्थकों का नाम आगे बढ़ाते रहे। राव इंद्रजीत सिंह 2024 के विधानसभा चुनाव की तर्ज पर निकाय चुनाव में भी फ्री हैंड चाहते थे। जिससे अपने समर्थकों को चुनाव मैदान में उतार सकें। 2020 के चुनाव में भी भाजपा ने राव इंद्रजीत सिंह की पसंद रही पूनम यादव को अपना उम्मीदवार बनाया था। जिन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को हराया था।
विनिता पीपल राव इंद्रजीत सिंह के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में आई। प्रदेश में 2014 में पहली बार भाजपा की सरकार बनी। 2016 में भाजपा के समर्थन से विनिता पीपल नगर परिषद की चेयरमैन चुनी गई। इस बार रेवाड़ी नगर परिषद चेयरमैन का पद एससी महिला के लिए आरक्षित है। विनिता पीपल जाटव समाज से आती है और परिवार पुराने समय से रामपुरा हाउस से जुड़ा रहा है।
डॉ. हर्षा और उषा कांटीवाल का परिवार लंबे समय से संघ और भाजपा से जुड़ा रहा है। डॉ. हर्षा के पति कमल निबंल 36 साल तक संघ के स्वयंसेवक रहे और 2014-15 में सक्रिय राजनीति में आए।
उषा कांटीवाल के पति अजय कांटीवाल लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं। अब तक भाजपा में युवा मोर्चा से जिला कार्यकारिणी तक कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।