नए साल में नए रंग में नजर आएगी हरियाणा में कांग्रेस 5 जनवरी से कांग्रेस छेड़ेगी आंदोलन 13 से 22 तक जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर
नए साल में नए रंग में नजर आएगी हरियाणा में कांग्रेस 5 जनवरी से कांग्रेस छेड़ेगी आंदोलन 13 से 22 तक जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर

Satya Khabar Panchkula
New Year Congress Politics : नए साल में कांग्रेस की राजनीति भी नए रंग में नजर आएगी। कांग्रेस 5 जनवरी से प्रदेश में मनरेगा का नाम बदलने के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने वाली है, वहीं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष को कुरुक्षेत्र में 13 जनवरी से 22 जनवरी तक विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण शिविर में 2 दिन राहुल गांधी और एक दिन कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा करने वाले हैं।
प्रशिक्षण में जिलाध्यक्षों को भाजपा-संघ की राजनीति से निपटने, संविधान की रक्षा, अनुसूचित जाति और जनजाति से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और सांप्रदायिक एजेंडे का जवाब देने की रणनीति बताई जाएगी। इसके साथ ही पंचायत स्तर तक संगठन विस्तार, बूथ मैनेजमेंट, जन आंदोलन खड़े करने और ‘कांग्रेस मिशन 2029’ पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। इस कैम्प की एक खास बात यह भी होगी कि राहुल गांधी एक दिन जिलाध्यक्षों के परिजनों से भी मिलेंगे। वे जिलाध्यक्षों के बच्चों से पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की योजनाओं पर बातचीत करेंगे।
कांग्रेस संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की दिशा में अहम कदम उठा रही है। पार्टी नेतृत्व की योजना है कि आगामी राजनीतिक लड़ाई सिर्फ मंचों से नहीं, बल्कि जिलों और बूथों से लड़ी जाएगी। इसी रणनीति के तहत 13 से 22 जनवरी तक कुरुक्षेत्र में कांग्रेस जिलाध्यक्षों का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में हरियाणा के साथ उत्तराखंड कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्ष भाग लेंगे। दोनों राज्यों में हाल ही में ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ के तहत नियुक्त किए गए जिलाध्यक्षों के लिए यह कैम्प दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर ब्रह्मसरोवर के समीप स्थित पंजाबी धर्मशाला में आयोजित होगा, जिसे दस दिनों के लिए कांग्रेस का रणनीतिक मुख्यालय बनाया जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के समन्वय से आयोजित इस कैम्प की सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपी गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की ओर से सोमवार को हरियाणा और उत्तराखंड के प्रदेशाध्यक्षों को इस संबंध में आधिकारिक सूचना भेज दी गई है। इस कैम्प में दोनों राज्यों में कांग्रेस विधायक दल के नेता भी शामिल होंगे। शिविर के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पार्टी के वॉर रूम प्रभारी शशिकांत सैंथिल, झारखंड प्रभारी के़ राजू, केसी वेणुगोपाल और हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद जैसे वरिष्ठ नेता अलग-अलग दिनों में जिलाध्यक्षों से संवाद करेंगे। ये नेता चुनावी प्रबंधन, ग्राउंड स्ट्रैटेजी और संगठनात्मक समन्वय के व्यावहारिक अनुभव साझा करेंगे।
हरियाणा-उत्तराखंड की बनेगी एक रणनीति
हाईकमान की मंशा है कि संगठन की सोच और कार्यशैली राज्यों की सीमाओं से ऊपर एक जैसी हो। इसी कारण हरियाणा और उत्तराखंड के जिलाध्यक्षों को एक साथ ट्रेनिंग दी जा रही है। पार्टी का मानना है कि नए जिलाध्यक्ष अगर शुरुआत से ही एक स्पष्ट लाइन, मजबूत वैचारिक समझ और चुनावी रणनीति के साथ काम करेंगे, तो संगठन को जमीनी स्तर पर तेजी से खड़ा किया जा सकेगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कोर टीम जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण देगी। इस दौरान बताया जाएगा कि सत्तारूढ़ भाजपा और संघ से केवल भाषणों से नहीं, बल्कि योजनाबद्ध तरीके से कैसे मुकाबला किया जाए।
दो दिन राहुल, एक दिन खड़गे
राहुल गांधी इस प्रशिक्षण शिविर में दो दिन रुकेंगे। वे जिलाध्यक्षों की सामूहिक बैठक के साथ-साथ छोटे-छोटे समूहों में अलग से संवाद करेंगे। चार-चार जिलाध्यक्षों को बुलाकर उनके जिलों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और चुनौतियों पर सीधा फीडबैक लिया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी एक दिन के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे और संगठनात्मक अनुशासन व संघर्ष की राजनीति पर मार्गदर्शन देंगे।