हरियाणा का रेवाड़ी देश का सबसे प्रदूषित शहर, AQI 1085 दर्ज हरियाणा में फिर कोहरे की चादर, तापमान स्थिर
हरियाणा का रेवाड़ी देश का सबसे प्रदूषित शहर, AQI 1085 दर्ज हरियाणा में फिर कोहरे की चादर, तापमान स्थिर

Haryana Weather Update : हरियाणा में पुलिस से एक बार फिर बड़ी तेजी से बढ़ा है। आज सुबह 6:00 बजे हरियाणा का औसत AQI 364 दर्ज किया गया जो कल के मुकाबले ज्यादा है। रात 1:00 बजे हरियाणा का AQI 448 दर्ज किया गया था। ठंडी हवाओं ने कल दिन में प्रदूषण को नियंत्रण में रखने का काम किया था। आज सुबह हरियाणा के रेवाड़ी, झज्जर और फरीदाबाद देश के टॉप-5 प्रदूषित शहरों में शामिल थे। रेवाड़ी की हवा इतनी जहरीली हो चुकी है कि यहां आज सुबह 6:00 बजे AQI 1085 दर्ज किया गया। झज्जर में 894 और फरीदाबाद में यह 501 बना हुआ था। हरियाणा के महेंद्रगढ़ और नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश में आज सुबह अंबाला, करनाल और हिसार में कोहरे की चादर देखी गई है। इनके अलावा दूसरे इलाकों में भी अनेक स्थानों पर कोहरा छाया हुआ है।

कोहरे की चादर
हरियाणा के अंबाला, करनाल और हिसार में आज सुबह से कोहरे की चादर बनी हुई है। इसके अलावा दक्षिण हरियाणा के कई इलाकों में कोहरा छाया हुआ है। जींद, हांसी, भिवानी में भी कई स्थानों पर कोहरा देखा जा सकता है। मौसम विभाग ने हरियाणा में अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की है। पंजाब और हरियाणा में 17 से 19 दिसंबर तक कुछ स्थानों पर घने से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है और 20 दिसंबर को कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और उसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।

हरियाणा में तापमान
प्रदेश में नारनौल और महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो प्रदेश में सबसे कम है। प्रदेश के पानीपत में न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। अंबाला, गुरुग्राम, जींद, कैथल, करनाल और रोहतक में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है। सोनीपत, पंचकूला और भिवानी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से कम बना हुआ था। प्रदेश के भिवानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया है जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। प्रदेश के पंचकूला में अधिकतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया है जो प्रदेश में सबसे कम है। पानीपत, करनाल, कैथल और अंबाला में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। प्रदेश के हिसार में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा है।

हरियाणा में प्रदूषण
हरियाणा में प्रदूषण की स्थिति कल के मुकाबले काफी खराब हुई है। हालांकि कुछ स्थानों पर स्थिति खराब होने के कारण प्रदेश के औसत AQI में उछाल देखने को मिला है। प्रदेश के रेवाड़ी में आज सुबह 6:00 बजे AQI 1085 दर्ज किया गया। जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। प्रदेश में सिरसा में AQI 182 दर्ज किया गया है जो प्रदेश में सबसे कम है। इसके अलावा फतेहाबाद में AQI 198 दर्ज किया गया है। फतेहाबाद और सिरसा में हवा अस्वस्थ श्रेणी में दर्ज हुई। हरियाणा के बहादुरगढ़, फरीदाबाद, गुड़गांव, झज्जर, करनाल, पलवल, पानीपत, रोहतक, सोनीपत में हवा खतरनाक श्रेणी में दर्ज की गई है। प्रदेश के यमुनानगर, पंचकूला, नारनौल, मानेसर, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, धारूहेड़ा, चरखी दादरी, भिवानी और अंबाला में हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। इन शहरों में AQI 200 से 300 के बीच बना हुआ था।