विराट कोहली के 5 धमाकेदार रिकॉर्ड जो बनाते हैं उन्हें विश्व क्रिकेट का चेज़ मास्टर

5 नवंबर 1988 को दिल्ली में जन्मे विराट कोहली आज अपने 37वें जन्मदिन मना रहे हैं। “चेज़ मास्टर” के नाम से विश्व क्रिकेट में मशहूर विराट ने अपनी बल्लेबाजी से हर फॉर्मेट में धमाल मचाया है। हालांकि विराट ने टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, वे अभी भी वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर हम विराट कोहली की क्रिकेट जगत की उन पांच बड़ी उपलब्धियों के बारे में जानेंगे जो आने वाले समय में किसी भी खिलाड़ी के लिए तोड़ पाना बेहद मुश्किल होगा।
सबसे कम पारियों में 10,000 रन पूरा करने का रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में विराट कोहली ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया है। वे सबसे कम पारियों में 10,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस मामले में उन्होंने महान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा था। जहां सचिन ने 259 पारियों में 10,000 रन पूरे किए थे, वहीं विराट ने यह कारनामा केवल 205 पारियों में किया, जो सचिन से 54 पारियों कम हैं। यह उनके बल्लेबाजी के निरंतर प्रदर्शन और कड़ी मेहनत का परिणाम है।

वनडे रन चेज़ में सबसे ज्यादा 50 से ऊपर की पारियां
विराट कोहली को “चेज़ मास्टर” कहा जाता है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में ऐसे कई शानदार शतक और अर्धशतक जड़े हैं जब भारत लक्ष्य का पीछा कर रहा होता है। विराट के नाम वनडे में सबसे ज्यादा 50 से ऊपर की पारियां बनाने का रिकॉर्ड भी है, जो कुल 70 पारियां हैं। जब तक विराट बल्लेबाजी कर रहे होते हैं, भारतीय टीम की जीत लगभग पक्की मानी जाती है। उनकी यह खासियत भारतीय टीम के लिए बड़ा हथियार रही है।
वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड
विराट कोहली ने 2023 के वनडे विश्व कप में अपनी बल्लेबाजी की पूरी ताकत दिखाते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने एक ही विश्व कप में कुल 765 रन बनाए, जो किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे ज्यादा रन हैं। इस दौरान विराट ने 11 पारियों में तीन शतक और छह अर्धशतक जमाए। उनका औसत 95.62 रहा, जो उनकी क्लास और कंसिस्टेंसी को दर्शाता है।
टेस्ट में कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा डबल सेंचुरी का रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली ने कप्तान के रूप में भी अपनी छाप छोड़ी है। उन्होंने सबसे ज्यादा डबल सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। विराट ने कप्तान रहते हुए कुल सात डबल सेंचुरी लगाई हैं। यह उनके नेतृत्व कौशल और बल्लेबाजी की मजबूती का प्रमाण है, जिससे भारत ने कई विदेशी और घरेलू मैचों में शानदार जीत हासिल की।
वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में कुल 51 शतक जड़े हैं। 2023 के वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़कर उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह उनकी कड़ी मेहनत और क्रिकेट के प्रति लगन का नतीजा है। विराट के इस रिकॉर्ड को तोड़ना आने वाले समय में बहुत ही मुश्किल होगा।