हरियाणा

Jind: जींद में सरपंच की गोली मारकर हत्या! पुलिस के पहुंचने से पहले हत्या के आरोपी हुए फरार

Satyakhabarindia

Jind। जिले के गांव चाबरी के सरपंच की बीती रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरपंच को गोली उसकी खुद की रिवाल्वर से मारी गई। हत्या के बाद हत्या के आरोपी मौके से फरार हो गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। सीआईए स्टाफ पुलिस ने इस मामले में तीन से चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पिछले 1 महीने से जींद में लगातार हत्याओं की वारदात बढ़ रही है। बीती देर रात जींद गोहाना मार्ग पर गांव पिंडारा और रधाना के बीच में अज्ञात लोगों ने चाबरी गांव के सरपंच रोहतास की गोली मारकर हत्या कर दी। रोहतास मूल रूप से सोनीपत जिले के गांव शामड़ी का रहने वाला था। वह 25 साल पहले गांव चाबरी आकर बस गया। पिछली योजना में गांव ने रोहतास के व्यवहार को देखते हुए उसे सरपंच चुना था। रोहतास बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी था और गांव में सरपंची के साथ-साथ लोगों को दवाइयां देने का काम करता था।

हत्या की यह वारदात गांव पिंडारा की सीमा में हुई। बताया गया है कि सरपंच जींद से अपना काम निपटाकर देर रात गांव की तरफ जा रहा था तभी उसका पीछा कर रहे चार लोगों ने उसे पिंडारा से निकलने के बाद रोक लिया और उसके साथ हाथापाई करने लगे। सरपंच के पास मौके पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर भी थी। सरपंच से हत्यारों ने उसकी रिवाल्वर छीन ली। जैसे ही सरपंच से उसकी रिवाल्वर छीनी गई, सरपंच ने तुरंत 112 पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। 5 से 7 मिनट में पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक हत्या के आरोपी सरपंच की हत्या कर फरार हो गए थे।

Jind: जींद में सरपंच की गोली मारकर हत्या! पुलिस के पहुंचने से पहले हत्या के आरोपी हुए फरार

भाजपा हरियाणा विधानसभा के अंदर और कांग्रेस और हरियाणा विधानसभा के बाहर कर रहे एक दूसरे की निंदा

पुलिस की टीम ने तुरंत सरपंच के शव को जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। रात को ही जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, सीन आफ क्राइम की टीम, सफीदों के डीएसपी, सिविल लाइन थाना प्रभारी बलजीत सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने मौके का निरीक्षण किया।

बताते हैं कि सरपंच के साथ उसकी हत्या से पहले हत्या के आरोपियों ने हाथापाई की थी और इस दौरान सरपंच की शर्ट भी फट गई और छाती पर कुछ निशान भी हैं।

हत्या को लेकर दो एंगल

सरपंच की हत्या को लेकर प्रारंभिक तौर पर गांव में दो एंगल चर्चा में हैं। पहला एंगल यह है कि सरपंच का कुछ लोगों के साथ लेनदेन था। करीब डेढ करोड रुपए की देनदारी थी। इसी कारण उसकी हत्या की गई है। दूसरा एंगल शराब से जुड़ा है। कहा जाता है कि सरपंच गांव में शराब के ठेके को बंद करवाने का प्रयास कर रहा था और इस कारण उसकी शराब ठेकेदारों के साथ बहस थी जिस कारण उसकी हत्या की गई।

अपना ही हथियार बन गया मौत का कारण

अक्सर लोग अपने साथ हथियार अपनी सुरक्षा के लिए रखते हैं लेकिन चाबरी गांव के सरपंच रोहतास की हत्या उसके ही रिवाल्वर से की गई है। हत्या आरोपियों के पास और कोई हथियार था या नहीं यह अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन सरपंच का हथियार उसकी ही मौत का कारण बन गया।

12 घंटे में हरियाणा पुलिस की दो बदमाशों से मुठभेड़, दो बदमाश घायल, ग्रामीणों ने करनाल के एनकाउंटर को बताया फर्जी

हत्या को आत्महत्या का मामला बनाने का प्रयास

माना जा रहा है कि सरपंच की हत्या उसके ही रिवाल्वर से इसलिए की गई ताकि यह एक एंगल से उसकी आत्महत्या नजर आए। लेकिन सरपंच ने डायल 112 पर फोन करके जब पुलिस को इसकी सूचना दी तो पुलिस हरकत में आ गई और हत्या के आरोपियों की इसे आत्महत्या का मामला बनाने का प्रयास सिरे नहीं चढ़ पाया।

हत्या के आरोपी जल्द होंगे पुलिस के कब्जे में : संजय सिंह

डीएसपी संजय सिंह ने इस मामले में कहा है कि पुलिस को देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हत्या की वारदात की सूचना मिली थी और पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस ने तीन से चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जब उनसे अपराधियों के बेखौफ होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पुलिस काम कर रही है और हर मामले में कार्रवाई की गई है। अधिकांश मामले पारिवारिक और व्यक्तिगत तात्कालिक रंजिश के हैं। जब उनसे सरपंच की हत्या के मामले में एंगल को लेकर पूछा गया तो उन्होंने शराब के एंगल को सिरे से नकार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है और जल्दी पूरे मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।

एक महीना और 16 हत्याएं

जींद जिले में पिछले 1 महीने में 16 हत्या की वारदात हो चुकी हैं। इनमें से 13 वारदात पुलिस ने सुलझा ली हैं। 16 हत्याओं की वारदातों में से दो वारदातें गैंगवार की हैं जबकि बाकी 14 में अलग-अलग कारणों से हत्याएं की गई हैं। डीएसपी संजय कुमार ने कहा कि पुलिस अपना काम पूरी मुस्तैदी से कर रही है। पुलिस ने गश्त को भी तेज करने का काम किया है।

पुलिस के लिए मुसीबत यह भी

हरियाणा और दिल्ली के मुख्यमंत्री कल शनिवार को जींद जिले के जुलाना विधानसभा क्षेत्र में आने वाले हैं। चाबरी गांव के सरपंच की हत्या के मामले में पुलिस के लिए एक बड़ी सिरदर्दी यह भी है कि यह गांव जुलाना विधानसभा क्षेत्र में आता है।

कांग्रेस ने किए 60 वायदे, भाजपा का संकल्प पत्र कल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button