राव नरेंद्र के पक्ष में खड़े हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्रवाई कर रही भाजपा सरकार
राव नरेंद्र के पक्ष में खड़े हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्रवाई कर रही भाजपा सरकार

SATYA KHABAR PANCHKULA
हरियाणा में प्रतिपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के पक्ष में खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के खिलाफ दायर चार्जशीट के सवाल पर उनके खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना के तहत साजिश रचकर काम किया जा रहा है। वह आज रोहतक में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में प्रदेश के मुद्दों पर चर्चा होगी, जिसमें भाजपा सरकार द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ एक षड्यंत्र के तहत चार्जशीट दायर करने के मामले पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि यह मामला 2014 का है और इस मामले में पुलिस ने 2016 में एफआईआर दर्ज की थी। 9 साल बाद इस मामले में चार्जशीट दायर किया जाना, इस बात का प्रमाण है कि भाजपा हरियाणा में लगातार मजबूत हो रही कांग्रेस से डर गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब लगने लगा है कि उसकी सरकार के दिन पूरे हो रहे हैं और इसीलिए वह कांग्रेस के नेताओं को निशाना बना रही है। राव नरेंद्र सिंह के खिलाफ केवल इसलिए चार्जशीट दायर की गई है, क्योंकि वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बन गए हैं।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सभी मामलों को जनता के बीच ले जाएगी और कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां और भाजपा सरकार की नाकामियों को गिनवाने का काम करेगी।
एक साल में भाजपा सरकार के 45 संकल्प पूरे होने के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि सरकार ने एक भी वायदा पूरा नहीं किया। 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का दावा करने वाली सरकार किसानों को धान व बाजरे का पूरा मूल्य नहीं दे रही है। मजबूरी में किसान 300-400 रुपये कम में फसल बेचने पर मजबूर हैं। एक तरफ सरकार ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था,
दूसरी तरफ आय दोगुनी करने की जगह लागत बढ़ा दी। खाद व कीटनाशक महंगे हो गए हैं। उन्हाेंने कहा कि कभी सरकार पोर्टल पंजीकरण, कभी मंडी गेट तो अब यूरिया व डीएपी खरीद के लिए भी पंजीकरण की बात कह रही है। अगर यूं ही व्यवस्था चलती है तो मुख्यमंत्री, मंत्री व अफसरों की क्या जरूरत है। हुड्डा ने गन्ने का भाव 500 रुपये क्विंटल करने की मांग की।
सबसे असुरक्षित प्रदेश बना हरियाणा, 60 गैंग सक्रिय
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि केंद्रीय एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। 60 से अधिक गैंग संगठित तरीके से अपराध कर रही हैं। सरेआम रंगदारी मांगी जा रही है। न देने पर हत्या व फायरिंग की जा रही है। कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। उन्होंने सरकार को सलाह दी कि धरातल पर कानून व्यवस्था बनाने के लिए सरकार को काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गैंगस्टर विदेश में नहीं होते थे। फिर भी धरातल पर अपराध करने की हिम्मत नहीं होती थी।