Haryana: हरियाणा से अयोध्या जाने वालों के लिए गुड न्यूज, इस योजना से फ्री में कर सकते है हवाई सफर

Haryana to Ayodhya Flight: देशभर के करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र अयोध्या (Ayodhya) का श्रीराम जन्मभूमि मंदिर (Ram Mandir) अब भक्तों के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है। भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों और मर्यादा की झलक दिखाता यह मंदिर भारत की धार्मिक विरासत का अनमोल प्रतीक है। जनवरी 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ इस भव्य मंदिर को आम जनता के लिए खोल दिया। तब से अब तक लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है।
अब हरियाणा (Haryana) के बुजुर्गों के लिए भी भगवान श्रीराम के दर्शन करने का सपना हकीकत बनने जा रहा है। और वह भी एकदम फ्री में वो भी हवाई जहाज (Flight) से! जी हां हिसार (Hisar) के महाराजा अग्रसेन भवन ट्रस्ट (Maharaja Agrasen Bhawan Trust) ने एक नई योजना की शुरुआत की है जिसके तहत हर हफ्ते पांच वरिष्ठ नागरिकों को फ्री हवाई यात्रा के जरिए अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए भेजा जाएगा।
ट्रस्ट की अनोखी पहल
इस योजना के तहत ट्रस्ट का मकसद है कि हर साल कम से कम 300 वरिष्ठ नागरिकों को अयोध्या भेजा जाए। ट्रस्ट के प्रधान अंजनी कुमार खारियावाला ने जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना उन बुजुर्गों के लिए है जो आर्थिक तंगी या स्वास्थ्य समस्याओं के चलते जीवन में कभी अयोध्या दर्शन नहीं कर पाए। अब वे बुजुर्ग भी हवाई यात्रा का आनंद लेते हुए भगवान श्रीराम के दर्शन कर सकेंगे।
यह योजना 9 मई 2025 से शुरू की जाएगी जिसमें पहला ग्रुप हिसार एयरपोर्ट (Hisar Airport) से उड़ान भरेगा। हर हफ्ते पांच नए बुजुर्गों को इस तीर्थ यात्रा (Pilgrimage) के लिए चुना जाएगा। ट्रस्ट द्वारा टिकट की व्यवस्था की जाएगी और यह टिकट सीधे बुजुर्गों के मोबाइल नंबर पर भेजे जाएंगे।
यात्रा से जुड़ी व्यवस्था और प्रक्रिया
ट्रस्ट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार चुने गए बुजुर्गों को यात्रा के दिन सुबह 8:30 बजे महाराजा अग्रसेन भवन के कार्यालय पहुंचना होगा। वहां से उन्हें गाड़ी के जरिए हिसार एयरपोर्ट ले जाया जाएगा। एयरपोर्ट पर उन्हें महाराजा अग्रसेन का झंडा सौंपा जाएगा और फिर हवाई जहाज के जरिए अयोध्या के लिए रवाना किया जाएगा। यात्रा के दौरान बुजुर्गों के खाने-पीने और रहने की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
इस योजना के तहत अयोध्या जाने और वापसी आने की टिकट दोनों ही फ्री ऑफ कॉस्ट (Free of Cost) रहेंगी। ट्रस्ट की ओर से इस योजना को पूरी श्रद्धा और सेवा भाव से संचालित किया जाएगा।
125 से ज्यादा बुजुर्गों ने अब तक करवा लिया है रजिस्ट्रेशन
जैसे ही इस योजना की जानकारी लोगों तक पहुंची बुजुर्गों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। अब तक 125 से ज्यादा बुजुर्गों ने इस योजना के लिए अपना रजिस्ट्रेशन (Registration) करवा लिया है। ट्रस्ट का कहना है कि “पहले आओ पहले पाओ” (First Come First Serve) के आधार पर लाभ दिया जाएगा। इसलिए जो भी बुजुर्ग इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं वे जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करवाएं।
यह योजना जाति धर्म या समुदाय से ऊपर उठकर हर वरिष्ठ नागरिक के लिए खोली गई है। ट्रस्ट का उद्देश्य केवल यही है कि श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो सके।
कैसे करें आवेदन और किससे संपर्क करें?
अगर आप या आपके परिवार में कोई वरिष्ठ नागरिक इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं तो आप महाराजा अग्रसेन भवन हिसार जाकर सीधे संपर्क कर सकते हैं या फिर ट्रस्ट द्वारा जारी किए गए मोबाइल नंबर 9053055502 पर कॉल कर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
ट्रस्ट ने हिसार एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अलग से स्थान की मांग भी प्रशासन से की है ताकि वरिष्ठ नागरिकों को कोई असुविधा ना हो।