दूसरे दलों के नेताओं का भाजपा में शामिल होना अब आसान नहीं
भाजपा में शामिल होने के लिए करना होगा स्क्रीनिंग टेस्ट पास

सत्य खबर हरियाणा
Haryana BJP News : दूसरे दलों से हरियाणा भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के लिए अब यह काम आसान नहीं होगा। ऐसे नेताओं को पहले स्क्रीनिंग टेस्ट पास करना होगा, इसके बाद ही उन्हें पार्टी में शामिल किया जाएगा। भले ही वह पहले भाजपा में महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हों। इसके लिए पार्टी ने प्रदेश व जिला स्तर पर ज्वाइनिंग कमेटियों का गठन किया है। भाजपा में शामिल होने के इच्छुक नेताओं को लेकर पहले जिला स्तर की कमेटी स्क्रीनिंग करेगी। स्क्रीनिंग कमेटी अपनी रिपोर्ट प्रदेश पार्टी को देगी और उसके बाद पार्टी में शामिल होने के इच्छुक नेताओं के नाम पर विचार किया जाएगा।
जिला कमेटी प्रदेश समिति के पास अपनी रिपोर्ट भेजेगी। दोनों कमेटियों की सिफारिश व रिपोर्ट के बाद ही दूसरे दलों के नेताओं की भाजपा में एंट्री संभव हो पाएगी। यहां बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनावों के नतीजों और अक्तूबर-2024 में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर दूसरे दलों में चले गए थे। सबसे अधिक नेता कांग्रेस में गए थे। उनमें से अधिकांश नेता अब फिर से भाजपा में आना चाहते हैं। लेकिन पार्टी अब इन लोगों को दोबारा से पार्टी में शामिल करने की इच्छुक नजर नहीं आती है। पार्टी ऐसे लोगों को मौकापरस्त मानकर चल रही है।
2024 में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 48 सीटों के साथ भाजपा ने जब पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाई तो पार्टी छोड़ने वाले नेताओं का भी मन डोलने लगा। 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य की 10 सीटों में से पांच पर भाजपा और पांच पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। इन नतीजों के बाद कांग्रेस को लेकर प्रदेश में पॉजिटिव माहौल था। भाजपा की दस वर्षों की सरकार को लेकर एंटी-इन्कमबेंसी भी दिख रही थी।
ऐसे में कई नेताओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। कई नेताओं ने कांग्रेस केवल इसलिए छोड़ी थी क्योंकि भाजपा ने उनकी विधानसभा टिकट काट दी थी। हालांकि इनमें से कुछेक को ही कांग्रेस की टिकट मिल पाई थी लेकिन कांग्रेस की सरकार आने के बाद एडजस्टमेंट की उम्मीद उन्हें थी। ऐसे नेताओं की उम्मीदों पर उस वक्त पानी फिर गया, जब भाजपा ने तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई।
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की स्वीकृति के बाद प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने प्रदेश व जिला ज्वाइनिंग कमेटियों की लिस्ट जारी की है। पूर्व सांसद तथा भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव के नेतृत्व में प्रदेश स्तरीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व शिक्षा व कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर तथा पूर्व शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुधा को प्रदेश कमेटी में बतौर सदस्य शामिल किया है। दूसरे दलों के नेताओं और भाजपा छोड़कर गए नेताओं की घर वापसी में इस कमेटी का अहम रोल रहेगा।
#BJP #PoliticalLeadership #PartyJoining #PoliticalClimate #IndiaPolitics #LeadershipChallenge #PoliticalStrategies #PartyDynamics #BJPLeadership #ElectoralPolitics #PoliticalTrends #LeadershipStruggles #PartyAffiliation #PoliticalChange #PoliticalUnity #Elections2023 #PoliticalTrendsIndia #PoliticalAnalysis #BJPStruggles