हरियाणा पुलिस में बड़ा फेरबदल, ओम प्रकाश सिंह बने कार्यवाहक DGP, शत्रुजीत कपूर पद से हटाए गए

हरियाणा सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की तैनाती और तबादलों से जुड़े आदेश जारी करते हुए बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। राज्य के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ओम प्रकाश सिंह को हरियाणा का कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। वहीं मौजूदा डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर को उनके पद से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि वे हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन, पंचकूला के चेयरमैन के पद पर बने रहेंगे।
सरकारी आदेश के अनुसार, 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी शत्रुजीत कपूर को अगस्त 2023 में हरियाणा पुलिस का प्रमुख बनाया गया था। लेकिन आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की कथित आत्महत्या को लेकर हुए विवाद के बाद उन्हें पहले छुट्टी पर भेजा गया और अब डीजीपी पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। इस घटनाक्रम ने राज्य के पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर दी थी।
शत्रुजीत कपूर की अनुपस्थिति में पहले से ही डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे ओम प्रकाश सिंह को अब अगले आदेश तक कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है। सरकार नए स्थायी डीजीपी की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर सकती है और इसके लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की सूची संघ लोक सेवा आयोग को भेजे जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि ओपी सिंह 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
ओम प्रकाश सिंह हरियाणा कैडर के अनुभवी अधिकारी माने जाते हैं। उन्होंने अपने लंबे करियर में कैथल, पानीपत, हिसार और जींद जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वे अंबाला और पंचकूला के पुलिस कमिश्नर भी रह चुके हैं। रेवाड़ी और हिसार रेंज में आईजी की जिम्मेदारी निभाने के साथ ही वे फिलहाल हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एमडी और एफएसएल मधुबन के डीजी के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी नियुक्ति से पुलिस प्रशासन में स्थिरता और अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।