दिल्ली के लाल किले के पास जबरदस्त धमाका, 9 की मौत – आतंकी उमर पर शक गहराया

दिल्ली के लाल किले के पास मंगलवार शाम एक भयावह विस्फोट ने पूरे इलाके को दहशत से भर दिया। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज़ दो किलोमीटर दूर आईटीओ तक सुनी गई। आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए और लाल किला मेट्रो स्टेशन की खिड़कियां तक टूट गईं। इस विस्फोट में 9 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि यह हमला आतंकी साजिश का नतीजा हो सकता है।
डॉ. मोहम्मद उमर पर शक की सुई
जांच एजेंसियों को शक है कि धमाका करने वाला व्यक्ति डॉ. मोहम्मद उमर था, जो कथित तौर पर फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था। CCTV फुटेज में धमाके से पहले एक सफेद Hyundai i20 कार को लाल किले के पास से गुजरते देखा गया। कार चला रहा व्यक्ति काले रंग का मास्क पहने हुए था। माना जा रहा है कि यही व्यक्ति उमर था।

सूत्रों के अनुसार, उमर ढाई से तीन घंटे तक कार में बैठा रहा। ऐसा लगता है कि वह या तो किसी से निर्देश का इंतजार कर रहा था या फिर किसी साथी के आने की प्रतीक्षा में था। पुलिस ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें से एक की मौत मौके पर ही हो गई। फिलहाल डीएनए टेस्ट के जरिए मृतक की पहचान की जा रही है।
कार के मालिकों की कड़ी से खुला जाल
जांच में सामने आया है कि विस्फोट में इस्तेमाल हुई कार HR 26 CE 7674 नंबर की थी, जो 18 मार्च 2014 को पंजीकृत हुई थी। इसका पहला मालिक मोहम्मद सलमान था, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया है। सलमान ने बताया कि उसने कार ओखला निवासी देवेंद्र को बेची थी, जिसने बाद में इसे अंबाला के एक व्यक्ति को बेच दिया। आखिरकार यह कार कश्मीर के पुलवामा निवासी तारिक के पास पहुंची। तारिक और उसके भाई आमिर रशीद मीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आमिर पेशे से प्लंबर बताया जा रहा है।
जांच एजेंसियों ने संभाली मोर्चा
धमाके के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस, एनआईए, एनएसजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गईं। मौके से विस्फोटक सामग्री के नमूने एकत्र किए गए हैं और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब 200 पुलिसकर्मी फुटेज की जांच में जुटे हैं और अब तक 13 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
दिल्ली में हाई अलर्ट
राजधानी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर वाहन की सघन जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा, “हम सभी संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं। यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।”
पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। धमाके के बाद देश की राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं और पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है।