स्थानीय निकायों के आम चुनाव और पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव के लिए नामांकन का काम शुरू
10 मई को होनी है वोटिंग, पंचायती राज संस्थाओं के नतीजे उसी दिन, स्थानीय निकायों के नतीजे 13 को

सत्य खबर हरियाणा
Local Body Election : हरियाणा में तीन नगर निगम, एक नगर परिषद और तीन नगर पालिकाओं सहित साथ स्थानीय निकायों के चुनाव और कुछ ग्राम पंचायतों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर आज नामांकन पत्र दाखिल करने का काम शुरू हो गया। राज्य चुनाव आयोग ने इसके लिए विधिवत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आज से 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 10 मई को वोटिंग होगी पंचायती राज संस्थाओं के परिणाम उसी दिन जारी कर दिए जाएंगे लेकिन स्थानीय निकाय संस्थाओं के चुनाव परिणाम 13 मई को घोषित किए जाएंगे।

राज्य में कांग्रेस ने तीनों नगर निगमों के मेयर और रेवाड़ी नगर परिषद अध्यक्ष तथा धारूहेड़ा नगरपालिका अध्यक्ष के पद के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। भाजपा द्वारा अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा आज किए जाने की संभावना है।
माना जाता है कि स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर हो सकती है जबकि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में इनेलो मुकाबले को तिकोना कर सकती है।
BJP का पैनल फाइनल, आज खोल सकती है पत्ते
भाजपा ने तीनों नगर निकायों में महापौर पदों सहित सभी सीटों के लिए चार-चार उम्मीदवारों के पैनल को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा के केंद्रीय मंत्रियों, संसद सदस्यों और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में राज्य चुनाव समिति की बैठक में नामों पर विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी के एक सीनियर लीडर ने बताया कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर, जिनमें से कुछ की संख्या लगभग 26 थी, वरिष्ठ नेताओं की समिति ने नामों पर चर्चा की और सभी सीटों के लिए चार-चार उम्मीदवारों के पैनल को अंतिम रूप दिया।
पार्षद के नाम CM करेंगे फाइनल
मेयर पद के उम्मीदवारों का पैनल अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया है, पार्षद पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन मुख्यमंत्री और राज्य पार्टी प्रमुख मोहन लाल बडोली पर छोड़ दिया गया है। सूत्रों ने संकेत दिया कि पार्टी अंतिम नामों की घोषणा करने से पहले जातिगत समीकरणों सहित स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखेगी।
क्या है चुनाव कार्यक्रम
राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 7 नगर निकायों के आम चुनाव और पंचायती राज के 528 पदों पर उपचुनाव होने हैं। सोनीपत-पंचकूला, अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, उकलाना, धारूहेड़ा व सांपला नगर पालिका में 10 मई को वोटिंग होनी है। 13 मई को रिजल्ट आएगा। चुनाव आयुक्त के मुताबिक पानीपत और करनाल जिला परिषद के 1-1 वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्यों, 29 सरपंच, 485 पंच पदों के लिए वोटिंग भी 10 मई को होगी, उसी दिन वोटों की गिनती करके नतीजे घोषित हो जाएंगे। 27 अप्रैल नाम वापसी के लिए डेट तय की गई है। उसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
कांग्रेस के कौन-कौन मैदान में
सोनीपत नगर निगम के लिए कमल दीवान, अंबाला से कुलविंदर कौर सैनी और पंचकूला से सुधा भारद्वाज को मैदान में उतारा है। रेवाड़ी में कांग्रेस ने शहरी जिला प्रधान प्रवीण चौधरी की पत्नी निहारिका चौधरी और धारूहेड़ा में कुमारी राज को अपना उम्मीदवार बनाया है। शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के रेवाड़ी दौरे के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चर्चा की थी। कांग्रेस की चेयरमैन उम्मीदवार निहारिका चौधरी के पति प्रवीण चौधरी कांग्रेस के शहरी जिला प्रधान हैं। सास हीरो देवी दो बार पार्षद रही हैं और पति निवर्तमान पार्षद हैं। निहारिका चौधरी के ससुर चौ. हंसराज जाटव समाज के प्रधान हैं। परिवार शुरू से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। प्रवीण चौधरी सहित पूरा परिवार नियमित रूप से सक्रिय रहे हैं। धारूहेड़ा नगर पालिका की चेयरमैन उम्मीदवार कुमार राज का परिवार पुराना कांग्रेसी है। परिवार पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव का नजदीकी माना जाता है। उनके ससुर अभय सिंह धारूहेड़ा पंचायत के सरपंच और जिला पार्षद भी रह चुके हैं। कुमारी राज को टिकट मिलने के पीछे पूर्व मंत्री की पसंद माना जा रहा है।
#Haryana #GeneralElections #LocalBodies #Nominations #ByElections #PanchayatiRaj #PanchayatiRajInstitutions #Voting #Democracy #ElectionTime #PoliticalParticipation #VoterAwareness #CivicEngagement #Elections2026 #GrassrootsGovernance #CommunityVoice #Empowerment #ElectionSeason #PublicVote