एक गांव और एक गोत्र में शादी के खिलाफ हरियाणा में पंचायतें बजाने लगी बिगुल
सरकार से हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन करने की मांग ने जोर पकड़ा

Satyakhabar, Haryana
Khap Discipline : हरियाणा की खाप और दूसरी पंचायतें अब एक गोत्र और एक गांव में शादी के खिलाफ मुखर होने लगी हैं। इस मामले को लेकर अब ग्राम पंचायतों ने एक गोत्र और एक गांव में शादी के खिलाफ बिगुल बजा दिया है। हरियाणा की अनेक पंचायतों ने इसके विरोध में प्रस्ताव पारित किए हैं। फतेहाबाद जिले की ब्राह्मणवाला गांव की पंचायत में पिछले दिनों इस विषय को लेकर एक प्रस्ताव पारित कर कहा था कि अगर कोई गांव का युवक गांव की लड़की से शादी करेगा तो उसे गांव छोड़ना होगा। अब इसी प्रकार का प्रस्ताव दादरी जिले की आठगामा खाप ने पारित किया है।
खाप और ग्राम पंचायतें अब प्रदेश सरकार से भी मांग कर रही है कि वह एक गांव और एक गोत्र में शादी के खिलाफ हरियाणा विधानसभा में बिल पारित करें। लव मैरिज और कोर्ट मैरिज के मामले में परिवार के लोगों की इजाजत को भी जरूरी किया जाए।
ग्रामीण समाज में विवाह व्यवस्था, पारिवारिक सहमति और सामाजिक मर्यादाओं को लेकर सर्वजातीय अठगामा खाप की पंचायत ने साफ और संदेश देने वाला निर्णय लिया है। गांव गोठड़ा और महराणा में आयोजित पंचायत में खाप ने सर्वसम्मति से स्पष्ट किया कि एक ही गांव, एक ही गोत्र और गुहांड में होने वाली शादियों को खाप की मान्यता नहीं दी जाएगी। पंचायत का मत रहा कि यह फैसला सामाजिक संतुलन और पारंपरिक पारिवारिक ढांचे को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

पंचायत में यह भी तय किया गया कि लव मैरिज और लव इन रिलेशन के मामलों में माता पिता की सहमति अनिवार्य होगी। पारिवारिक सहमति के बिना किए गए विवाह को सामाजिक स्वीकृति नहीं दी जाएगी। खाप पदाधिकारियों ने कहा कि इन फैसलों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद कर समर्थन भी मांगा जाएगा।
नशा और अनुशासन पर सामूहिक चिंता
खाप संरक्षक धर्मपाल महराणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सामाजिक कुरीतियों पर भी गंभीर मंथन हुआ। युवाओं में बढ़ते नशे को समाज के लिए बड़ा खतरा बताते हुए नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस प्रशासन को देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही गांवों में डीजे और तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने पर रोक लगाने पर सहमति बनी, ताकि गांवों में शांति और अनुशासन बना रहे।
शिक्षा और खेल को बताया सामाजिक बदलाव की राह
पंचायत में गांवों के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने, बच्चों और युवाओं को खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का फैसला भी लिया गया। खाप का मानना है कि शिक्षा और खेल ही समाज को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं। पंचायत में खाप उपप्रधान कुलदीप गोठड़ा, सरपंच भूपेन्द्र खेड़ी, सचिव करतार सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
#Panchayats #Haryana #MarriageDebate #SameVillageMarriage #ClanMarriage #Tradition #CommunityVoice #SocialChange #HaryanaPanchayats #MarriageLaws #CulturalAwareness #RaisingVoices #VillageTraditions #BreakingBarriers #SocialJustice #Empowerment #FamilyClan #MarriageRights #HaryanaAwareness