Rahul Gandhi ने मध्य प्रदेश मिशन 2028 किया लॉन्च जिला अध्यक्षों की लगाई क्लास, जमीन पर बैठकर बोले, हिम्मत से लड़ना बनेगी सरकार

Satya Khabar,Panchkula
Rahul Gandhi ने मध्य प्रदेश में 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू करते हुए मध्य प्रदेश मिशन 2028 लांच किया है। राहुल गांधी ने पंचमढ़ी में जिला अध्यक्षों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे बात करने और माइक हाथ में लेकर उनसे संवाद करने का काम किया।
राहुल गांधी ने कहा कि हम कई जगहों पर मामूली अंतर से हार रहे हैं। हिम्मत रखें और डटे रहें। हम एकजुट हों। समन्वय बनाकर कांग्रेस की ताकत बूथ स्तर तक बढ़ाएं। हम जिला इकाई को शक्तिशाली बना रहे हैं, उसे और मजबूत करें। वोट चोरी पूरे देश में हो रही है। इसे रोकना है इसलिए एसआईआर पर फोकस करें। राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक लगातार करें और जो निर्णय लें, उसे नीचे तक क्रियान्वित करने की चिंता भी करें।
इससे पहले राहुल गांधी शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे भोपाल पहुंचे। राजा भोज एयरपोर्ट पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं विपक्ष के नेता उमंग सिंगार ने उनका स्वागत किया। कुछ समय रुकने के बाद हेलीकाप्टर से पचमढ़ी रवाना हुए। उनके साथ जीतू पटवारी एवं उमंग सिंघार भी थे।
पचमढ़ी में उन्होंने पहले वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्षों के शिविर में शामिल हुए। उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने और एसआइआर पर नजर रखने की सलाह दी।
राहुल गांधी पचमढ़ी में कांग्रेस जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में करीब तीन घंटे रहे। इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की तैयारी पर बात करने के साथ संगठन को सशक्त बनाने के लिए उठा जा रहे कदमों की जानकारी ली। प्रदेश में पहली बार जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए राहुल गांधी की पहल पर संगठन सृजन अभियान चलाया गया था। इसमें चयनित अध्यक्षों को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा, भविष्य की चुनौती, नेतृत्व विकास, सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, संगठन सृजन सहित अन्य विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राहुल गांधी कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के परिजन के साथ डिनर भी किया।
इस दौरान उनके बात भी की।
प्रदेश के सीनियर नेताओं की बैठक के दौरान राहुल गांधी ने पार्टी संगठन को नीचे बूथ लेवल तक मजबूत करने की नसीहत दी। उन्होंने किसानों और आम जनता की समस्याएं उठाने और पार्टी संगठन के साथ मिलकर काम करने की बात सीनियर नेताओं से कही।
कौन-कौन थे मौजूद
राहुल गांधी के साथ मीटिंग में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और अशोक सिंह मौजूद रहे।
रद्दी पर मध्याह्न भोजन परोसने का वीडियो किया पोस्ट
इससे पहले पंचमढ़ी शिविर के लिए भोपाल रवाना होने से पूर्व राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट किया कि आज मध्य प्रदेश जा रहा हूं। जब से ये खबर देखी है कि वहां बच्चों को मिड-डे मील अखबार पर परोसा जा रहा है, दिल टूट सा गया है। ये वही मासूम बच्चे हैं जिनके सपनों पर देश का भविष्य टिका है, और उन्हें इज्जत की थाली तक नसीब नहीं। 20 साल से ज्यादा की भाजपा सरकार और बच्चों की थाली तक चुरा ली गई। इनका ‘विकास’ बस छलावा है, सरकार में आने का असली राज तो ‘व्यवस्था’ है। शर्म आनी चाहिए ऐसे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को जो देश के बच्चों, भारत के भविष्य का इस दुर्दशा से पालन-पोषण कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने श्योपुर के विजयपुर में स्थित शासकीय स्कूल में बच्चों को रद्दी कागज पर मध्याह्न भोजन परोसने का वीडियो भी पोस्ट किया
पचमढ़ी में जंगल सफारी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पचमढ़ी प्रवास के दौरान रविवार सुबह हिल स्टेशन की वादियों और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हुए दो घंटे की जंगल सफारी की। उनका काफिला सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पनारपानी गेट तक 10 किलोमीटर खुद की गाड़ी से पहुंचा। राहुल गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, सुरक्षा टीम, एसटीआर सहायक संचालक संजय शर्मा और रेंजर विवेक तिवारी भी मौजूद रहे। काफिले में 5 जिप्सी और फॉरेस्ट की एक कैंपर गाड़ी शामिल रही। राहुल गांधी का जंगल सफारी का कार्यक्रम शनिवार रात करीब 11 बजे अचानक तय हुआ। देर रात ही इसकी तैयारी शुरू कर दी गई।