हरियाणा में आज भी बारिश का अलर्ट, किसान परेशान
प्रदेश में रोहतक का तापमान 36.7 तक पहुंचा, मेवात ठंडा

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : हरियाणा के कुछ हिस्सों में कल हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि कल के लिए हरियाणा में 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। प्रदेश के बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन उम्मीद के अनुसार बारिश नहीं हुई है। आज सुबह हरियाणा के कुछ हिस्सों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। आसमान में छाए हुए बादल और मौसम विभाग के अलर्ट से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के जींद, हिसार, अंबाला, करनाल, पंचकूला व यमुनानगर सहित अन्य स्थानों पर भी हल्की बारिश हुई। वहीं, फतेहाबाद में रविवार देर शाम को कई गावों में तेज हवाओं के साथ ओले भी गिरे, जिससे कई गांवों में गेहूं व सरसों की तैयार फसल बिछ गई। माजरा, भिरड़ाना, दरियापुर, ढाणी इस्सर, बिसला सहित कई गांवों में ओले गिरे। मौसम विभाग ने आज सोमवार के लिए प्रदेश के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जबकि प्रदेश के बाकी क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। जबकि प्रदेश के बाकी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
हरियाणा में तापमान

हरियाणा में कल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के बावजूद दिन के तापमान में पहले दिन के मुकाबले 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का अधिकतम तापमान औसतन सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश की यमुनानगर और करनाल में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है। अंबाला में अधिकतम तापमान 30.4, हिसार में 35, नारनौल में 33, भिवानी में 33.5, गुरुग्राम में 34.5, जींद में 32.2, मेवात में 35.5, पलवल में 36, पानीपत में 31, सिरसा में 32.8, सोनीपत में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में न्यूनतम तापमान में पहले दिन के मुकाबले 2.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है और यह सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मेवात क्षेत्र के मंडकोला में न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम था। प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। अंबाला में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अंबाला, हिसार, करनाल, रोहतक, चरखी दादरी, गुरुग्राम, जींद, नूंह और सिरसा में अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग में चेतावनी दी है कि आज हरियाणा के कुछ इलाकों में गरज और चमक के साथ बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के चार जिलों अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और बाकी जिलों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। मौसम विभाग ने किसानों और हम लोगों को आंधी और बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर ईरान और कैस्पियन सागर के आसपास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 2 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
#RainAlert #HaryanaWeather #FarmersWorried #HaryanaRain #WeatherUpdate #FarmersAlert #CropConcern #RainfallWarning #AgricultureNews #HaryanaFarming #MonsoonCheck #W weather #HaryanaFarmers #FarmersInFear #NatureImpact #SevereWeather #FarmLife #RainImpact #WeatherForecast #RuralFarming
