कांग्रेस हाईकमान ने बुलाई 30 मार्च को हरियाणा कांग्रेस की बड़ी बैठक
बैठक में कांग्रेस हाईकमान करेगी क्रॉस वोट करने वाले पांच विधायकों के भाग्य का फैसला

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Congress : कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करने वाले सभी पांच विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का मन बना लिया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो कांग्रेस उच्चकमान इन सभी पांच विधायकों को कांग्रेस से निष्कासित कर सकती है। इसके लिए कांग्रेस हाईकमान ने 30 मार्च को नई दिल्ली में कांग्रेस के सभी विधायकों, सांसदों और पार्टी के बड़े नेताओं की बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी इन सभी विधायकों के भाग्य का फैसला करने वाली है। कांग्रेस के चार विधायकों को दिए गए नोटिस की समय अवधि खत्म हो चुकी है लेकिन उनकी तरफ से अभी तक कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया है। एक विधायक जरनैल सिंह को दिए गए नोटिस की अवधि कल समाप्त होगी।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार हरियाणा को लेकर होने वाली कांग्रेस की बड़ी बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रतिपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला, कुमारी शैलजा, हरियाणा कांग्रेस के सभी सांसद और विधायक, पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष भाग लेंगे। इस बैठक में पार्टी के जिला अध्यक्षों के भाग लेने पर अभी फैसला नहीं हुआ है। इस बैठक में पार्टी क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के साथ-साथ उन विधायकों के भविष्य का भी फैसला करेगी जिनके वोट रद्द हुए थे।
राज्यसभा चुनाव के दौरान 4 सांसद दीपेंद्र हुड्डा, वरूण मुलाना, जेपी और सतपाल ब्रह्मचारी एक साथ दिखाई दिए थे, हालांकि कुमारी शैलजा अभी तक इस पूरे एपिसोड से दूरी बनाए हुए हैं और न ही इस मामले को लेकर कोई बयान दे रही हैं। इसकी एक खास वजह यह भी है की पांच विधायकों में से दो विधायक कुमारी शैलजा के गुट के बताए जाते हैं।
क्रॉस वोटिंग के बाद जिन विधायकों को नोटिस भेजा गया उन विधायकों ने नोटिस से पहले यह कहा था कि नोटिस आने पर वह जवाब दे देंगे लेकिन अब बताया जा रहा है कि किसी भी विधायक ने कांग्रेस के नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया है। विधायक खुलेआम सार्वजनिक मंच पर पार्टी के इस फैसले के खिलाफ बोल रहे हैं। इस बीच पुनहाना से विधायक मोहम्मद इलियास की मुख्यमंत्री के साथ फोटो भी सोशल मीडिया पर इस समय खासी चर्चा में है। शैलजा गुट से आने वाली नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी तो वोटिंग वाले दिन भी मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव के साथ नजर आई थीं।
सूत्र बताते हैं कि पहले कांग्रेस हाईकमान इस मामले में विधायकों को माफी देने के मूड में थी लेकिन पिछले कुछ समय से जिस प्रकार का राजनीतिक माहौल बन रहा है उसे देखते हुए अब कांग्रेस आलाकमान अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्टी हाईकमान ने हरियाणा इकाई से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। माना जा रहा है कि यह कदम पार्टी में अनुशासन का सख्त संदेश देने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बयानबाजी पर सख्ती बढ़ाने की तैयारी
हरियाणा कांग्रेस में राज्यसभा चुनाव में लगातार जो हालात बने हैं, उसको देखते हुए पार्टी सख्त फैसला ले सकती है। संबंधित विधायकों को पार्टी से निलंबित किया जा सकता है। इसके अलावा पार्टी हाईकमान संगठनात्मक पदों से हटाने का फैसला भी ले सकता है। इससे भविष्य में टिकट वितरण पर असर न पड़े।
हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने बताया कि दिल्ली में 30 मार्च को विधायक दल की मीटिंग है। मुझे भी नेता प्रतिपक्ष की तरफ से न्योता आया है। मैं यदि यहां रहा तो मीटिंग में जरूर जाऊंगा, लेकिन आउट आफ स्टेशन हुआ तो मैं नहीं पहुंच पाऊंगा।
मीटिंग के एजेंडे को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ये सीएलपी लीडर का अधिकार है। मेरा दायित्व अलग है। मैं उसी पर फोकस कर रहा हूं। बागी विधायकों के नोटिस को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बताया कि अभी ये मामला अनुशासनात्मक कमेटी देख रही है। अप्रैल में पहले हफ्ते में उनकी मीटिंग है, उस मीटिंग में जो भी तय होगा उसको हमें भेजा जाएगा, जिसके बाद हम पूरी रिपोर्ट हाईकमान को देंगे।
#HaryanaCongress #CongressMeeting #PoliticalNews #HaryanaPolitics #March30 #CongressHighCommand #PoliticalUpdate #MeetingAnnouncement #CongressParty #StatePolitics #Haryana2023 #Leadership #PoliticalDiscussion #CongressLeadership #HaryanaNews #GrassrootPolitics #PoliticalEvent #PartyUnity #UpcomingEvents #CongressStrategy