बड़ी वारदात की फिराक में थे बदमाश, पुलिस मुठभेड़ के बाद चार गिरफ्तार
पुलिस को उम्मीद गिरफ्तारी से होंगे बड़े खुलासे, दो बदमाश घायल

Satyakhabar, Haryana
Encounter : देर रात मीरपुर यूनिवर्सिटी के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। एनकाउंटर में घायल बदमाश रोहतक के आनंदपुर निवासी विकास उर्फ मोटू और रेवाड़ी के गोलकगढ़ निवासी हर्ष उर्फ पोपला है। हर्ष उर्फ पोपला पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों बदमाश अक्टूबर 2025 में सिटी थाना रेवाड़ी में दर्ज हत्या, शस्त्र अधिनियम और संगठित अपराध से जुड़े गंभीर मामले में नामजद आरोपी हैं।

पुलिस के अनुसार सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि कुछ कुख्यात बदमाश इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत रेड की, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाश कार में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा किया और धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के गांव जीतपुरा में बदमाशों को घेर लिया। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हालात को भांपते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान विकास और हर्ष उर्फ पोपला नामक दो कुख्यात बदमाशों के पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में काबू कर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान जींद जिले के गुड़ा खेड़ा निवासी रितिक और गोकलगढ़ निवासी नीरज उर्फ अज्जू को भी गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, जैसे ही बदमाशों की कार को रोका गया, उन्होंने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान हर्ष और विकास के पैर में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस सुरक्षा के बीच उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है। घटनास्थल से हथियार और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र, बावल डीएसपी सुरेंद्र श्योराण सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की गई। मुठभेड़ के बाद बदमाशों की कार की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए। फायरिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उनकी जान बच गई। पुलिस ने इसे बड़ी राहत बताया है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई राउंड गोलियां चलीं। घायल बदमाश विकास और हर्ष तोतला पर हत्या, लूट, डकैती सहित आधा दर्जन से ज्यादा संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। शहर थाना क्षेत्र में इनके खिलाफ मर्डर और एससी/एसटी एक्ट के तहत भी केस चल रहे हैं। लंबे समय से ये बदमाश पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक वारदातों का खुलासा किया जाएगा। रेवाड़ी पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
#MajorCrime #CrimePlanning #PoliceEncounter #FourArrested #CrimeInvestigation #LawEnforcement #PublicSafety #SecurityUpdate #BreakingNews #ArrestNews #CriminalActivity #CaughtRedHanded #CrimeWatch #PoliceReports #CrimePrevention #CommunitySafety #JusticeServed #NeighborhoodWatch #SafetyFirst