LPG सप्लाई पर सरकार का बड़ा बयान, बढ़ी ऑनलाइन बुकिंग लेकिन स्थिति नियंत्रण में

वैश्विक स्तर पर जारी तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते टकराव के असर के बीच भारत में एलपीजी गैस को लेकर अफवाहों का दौर तेज हो गया है। हालांकि, सरकार ने इन आशंकाओं पर विराम लगाते हुए साफ किया है कि देश में घरेलू गैस की सप्लाई पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, हाल के दिनों में एलपीजी सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने घरेलू एलपीजी को प्राथमिकता दी है और इसकी डिलीवरी दर को लगभग 99 प्रतिशत तक सुनिश्चित किया गया है।
मंत्रालय ने बताया कि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) आधारित डिलीवरी में भी तेजी आई है। यह सिस्टम उपभोक्ताओं के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए कोड के जरिए डिलीवरी को प्रमाणित करता है, जिससे पारदर्शिता बढ़ती है। आंकड़ों के अनुसार, DAC आधारित डिलीवरी करीब 92 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि कई एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स अब रविवार को भी काम कर रहे हैं, ताकि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई भी धीरे-धीरे सामान्य स्तर पर लाई जा रही है। मौजूदा समय में यह प्री-क्राइसिस स्तर के करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
कमर्शियल सिलेंडरों की बिक्री को लेकर भी अहम आंकड़े सामने आए हैं। 23 मार्च 2026 से अब तक 18.45 लाख से अधिक 5 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। इसके अलावा, पिछले पांच दिनों में प्रतिदिन औसतन 7,000 मीट्रिक टन से ज्यादा कमर्शियल एलपीजी की बिक्री दर्ज की गई है।
इस बीच, लोग वैकल्पिक ईंधन के तौर पर पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की ओर भी रुख कर रहे हैं। मार्च 2026 से अब तक 4.93 लाख से अधिक नए PNG कनेक्शन सक्रिय किए गए हैं, जबकि 5.51 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। इतना ही नहीं, लगभग 39,200 उपभोक्ताओं ने MYPNGD.in के जरिए अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर भी कर दिए हैं।
सरकार का कहना है कि वैश्विक हालात भले ही पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं, लेकिन भारत में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस बुकिंग करें।