पानीपत में दो दोस्त और रेवाड़ी में दो भाई नहर में डूबे

सत्य खबर हरियाणा
Youth swept away in canal : हरियाणा में दो बच्चे और एक युवक नहर में बह गए। देर शाम तक तीनों की तलाश जारी है। पानीपत में दो बच्चे नहर में बह गए थे, लेकिन एक को तुरंत बचा लिया गया।
गर्मी के मौसम में बच्चे और युवा नहर में नहाने के प्रति आकर्षित होते हैं और कई बार यह आकर्षण दर्दनाक हादसा बन जाता है। रेवाड़ी में गांव बव्वा के पास से गुजर रही जवाहरलाल नेहरू नहर में रविवार सुबह नहाने गए दो ममेरे-फुफेरे भाई तेज बहाव में बह गए। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू कर दिया। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।
लापता युवक 20 वर्षीय चंदू राम निवासी गांव बहू और 11 वर्षीय यशवंत निवासी गांव जाट जांटी के रहने वाले हैं। दोनों रिश्ते में ममेरे-फुफेरे भाई हैं। परिजनों के अनुसार चंदू राम रविवार सुबह करीब नौ बजे घर से बाइक लेकर मानेसर ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था। रास्ते में वह अपने भाई मुकेश और ममेरे भाई यशवंत के साथ गांव बव्वा के पास स्थित जवाहरलाल नेहरू नहर पर पहुंच गया। तीनों नहर में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान नहर में पानी का बहाव काफी तेज हो गया। अचानक बढ़े बहाव के कारण चंदू राम और यशवंत संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में बहने लगे। दोनों को बहता देख उनके साथ मौजूद मुकेश ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था जो तुरंत सहायता कर सके।
मुकेश ने तुरंत घटना की सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही दोनों परिवारों के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर नहर में तलाश शुरू की, लेकिन पानी का स्तर अधिक होने और तेज बहाव के कारण कोई सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों का कहना है कि नहर में पानी का बहाव इन दिनों काफी तेज है, जिसके चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
पानीपत में हादसा
पानीपत के सौदापुर गांव के पास से गुजर रही दिल्ली पैरलल नहर में रविवार दोपहर को नहाने उतरे 14 वर्षीय 2 दोस्त अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में डूबने लगे। इस दौरान एक बच्चा तो किसी तरह तैरकर और पानी के बहाव के साथ नहर के किनारे आया, जिससे उसकी जान बच गई।लेकिन उसका दूसरा दोस्त रोशन (14) गहरे पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। लापता बच्चे की तलाश के लिए नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
इकलौते बेटे के नहर में बह जाने की सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। जाटल रोड स्थित भगत कॉलोनी के रहने वाला लापता बच्चे रोशन (14) के परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर को अपने दोस्त के साथ घर से बिना कुछ बताए निकला था। दोनों घूमते हुए सौदापुर गांव के पास से गुजर रही दिल्ली पैरलल नहर पर पहुंच गए। गर्मी के कारण दोनों दोस्तों ने नहर में नहाने का मन बनाया और पानी में उतर गए।
नहाते समय अचानक दोनों गहरे पानी की ओर चले गए और पैर फिसलने या तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे।
चीख-पुकार के बीच एक बच्चा पानी के बहाव के साथ नहर के किनारे तक पहुंच गया, जिसने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बाहर निकाला और तुरंत चिल्लाकर स्थानीय लोगों को हादसे की जानकारी दी।