सड़क हादसों का बुधवार, चार हादसों में आठ की मौत
पंचकूला कैथल जींद में हुई सड़क दुर्घटनाएं

सत्य खबर हरियाणा
Accident News : बुधवार का दिन हरियाणा पर काफी भारी रहा और इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें दो हादसे नेशनल हाईवे 152 डी पर हुए हैं, जिनमें चार लोगों की मौत हुई है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
नेशनल हाईवे 152डी के पास कुरुक्षेत्र रोड पर बीती आधी रात दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र और माता की मौत हो गई। मृतकों में चिरंजीव कालोनी के 74 वर्षीय देवराज, उसकी पत्नी 72 वर्षीय उषा व 45 वर्षीय बेटा सचिन शामिल हैं। हादसा कार के आगे अचानक पशु आने से हुआ। पशु आने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। मौत की खबर सुनकर अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। कार में चार लोग सवार थे। मृतकों के अलावा दंपति का 19 वर्षीय बेटा हनुमंत भी सवार था, उसे चोटें आई है। उसका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
चिरंजीव कॉलोनी के राजीव ने बताया कि उसके पिता देवराज का शाहबाद के एक अस्पताल में टांगों में सूजन की बीमारी का इलाज चल रहा था। 15 दिन से दाखिल थे। मंगलवार शाम को ही अस्पताल से छुट्टी मिली थी। सचिन उन्हें लेने गया था। साथ में माता और हनुमंत भी था। वैगनआर कार में कुल चार लोग सवार थे। उन्हें करीब साढ़े 11 बजे के आसपास घटना की सूचना मिली थी। बताया जा रहा है कि जब कार नेशनल हाईवे 152 के नजदीक पहुंची, तो कार के आगे पशु आने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
परिजनों ने बताया कि परिवार में पांच फरवरी को लड़की की शादी थी। इसे लेकर परिवार में खुशी का माहौल था। देवराज को छुट्टी मिलने से भी सभी उत्साहित थे कि वह भी कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे, लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। परिवार में शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थी। खुशी का माहौल था, जो अब मातम में बदल गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दर्दनाक हादसा पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा। हर किसी की जुबान पर बहुत बुरा हुआ जैसे शब्द थे।
रतिया के लोगों का पंजाब में एक्सीडेंट

सुबह पंजाब क्षेत्र के जिला मानसा के पास गांव ख्याला कलां में हुए सड़क हादसे में रतिया के दम्पति उपकार सिंह (67) और उनकी पत्नी सुपिंद्र कौर (62) सहित 3 लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि यह हादसा 2 स्विफ्ट कारों की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। मानसा अस्पताल के एस.एम.ओ. गुरमीत गुरमेल सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला तीसरा व्यक्ति ख्याला गांव निवासी बलकार सिंह (23) हैं जबकि धलेवा निवासी अमनप्रीत सिंह (23) इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे बाहरी अस्पताल रैफर किया गया है। परिजनों के अनुसार रतिया निवासी उपकार सिंह अपनी पत्नी के साथ पिछले 4 दिनों से अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए पंजाब क्षेत्र के कस्बा भिखी में गया हुआ था और इसके बाद मानसा में रिश्तेदार के घर चला गया था।
उपकार सिंह के बचपन के दोस्त एवं दुकान के पार्टनर सतीश कुमार बैटरी वाले ने बताया कि आज सुबह ही मानसा से रिश्तेदारों के घर से अपनी कार द्वारा रतिया के लिए रवाना हुआ था लेकिन कुछ ही दूरी पर सामने से आ रही एक स्कूटी को बचाने के चक्कर में अन्य कार से भयानक टक्कर हो गई और मौके पर मौत हो गई। बताया जाता है कि सड़क दुर्घटना में मारे गए दम्पति का बेटा और बेटी विदेश में रहते हैं। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई जारी है।
दो ट्रकों की टक्कर में राजस्थान के व्यक्ति की मौत

जींद जिले के जुलाना क्षेत्र में NH-152D पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। किलाजफरगढ़ गांव के पास दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। राजस्थान से पंजाब की ओर जा रहा एक ट्रक किलाजफरगढ़ टोल प्लाजा के पास अचानक धीमा हो गया। उसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में पीछे वाले ट्रक का चालक द्वारिका, जो राजस्थान का रहने वाला था, गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ट्रक में मौजूद क्लीनर भी बुरी तरह घायल हो गया, जिसे तुरंत एंबुलेंस से जींद के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
खाई में गिरी थार, एक की मौत

पंचकूला के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में एक बड़े हादसे में थार गाड़ी में सवार चार युवक गाड़ी समेत खाई में जा गिरे, जिसमें से युवक अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से एक की हालत गंभीर होने के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया है। फिलहाल इस मामले को लेकर चंडी मंदिर थाना पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि हादसा कैसे हुआ, इसको लेकर घायलों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
दरअसल, पंचकूला के मोरनी में ये चारों युवक घुमने निकले थे। हादसे में पंचकूला के सेक्टर 15 के रहने वाले अभिषेक (23) की मौत हो गई। वहीं, हादसे में उसके तीन दोस्त ललित, आयुष ठाकुर और विवेक गंभीर रूप से घायल हो गए। विवेक को पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
#WednesdayAccidents #RoadSafety #TragicDay #AccidentAwareness #RoadAccidents #StaySafe #TrafficReports #SafetyFirst #EightLivesLost #PreventAccidents #RIP #RoadSafetyMatters #AccidentStatistics #CommunitySafety #SafetyCampaign #ThinkBeforeYouDrive #CrashAlert #SafeDriving #TrafficIncidents