Haryana Assembly Elections: भाजपा ने 2029 के चुनाव की तैयारी की शुरू! हारी हुई 42 सीटों पर लगेगी मंत्रियों की ड्यूटी

Haryana Assembly Elections में अब भी चार साल से ज्यादा का वक्त बचा है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अभी से कमर कस ली है। 29 जुलाई को भाजपा विधायक दल की एक अहम बैठक होने जा रही है जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे। इस बैठक में पार्टी संगठन के कई बड़े नेता भी हिस्सा लेंगे। इसका मकसद भविष्य की रणनीति तय करना है और उस दिशा में अभी से सक्रिय काम शुरू करना है।
हारी हुई सीटों पर होगी निगरानी
सूत्रों के अनुसार बैठक का मुख्य फोकस 2024 के चुनाव में हारी गई 42 विधानसभा सीटों पर रहेगा। भाजपा का इरादा है कि हर हारी हुई सीट को एक मंत्री या विधायक को सौंप दिया जाए। इन नेताओं को उस क्षेत्र की समस्याएं हल करने और पार्टी के प्रति जनता का भरोसा बढ़ाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। खास बात यह है कि जो नेता जिस सीट को देखेगा वह हर हफ्ते कम से कम एक दिन वहां मौजूद रहेगा और ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करेगा।

विकास के जरिए जनता का भरोसा
पार्टी का मानना है कि अगर हार की वजहों को जमीनी स्तर पर समझा जाए और वहां के लोगों को विकास का सीधा लाभ मिले तो अगली बार की स्थिति बदली जा सकती है। इसलिए यह तय किया गया है कि मंत्री और विधायक हारे हुए उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम करेंगे। वे क्षेत्र में विकास योजनाओं को गति देंगे ताकि पार्टी की छवि मजबूत हो और लोगों में विश्वास बढ़े।
सीटें तय करने का फार्मूला तैयार
फिलहाल यह तय नहीं है कि किस मंत्री को कौन सी सीट मिलेगी। इसके लिए दो फार्मूले पर विचार चल रहा है। पहला यह कि मंत्री को उसकी अपनी विधानसभा के आस-पास की सीट सौंपी जाए। दूसरा यह कि जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखकर उस नेता को वही सीट दी जाए जहां उसकी जाति के वोटर ज्यादा हों। 29 जुलाई को होने वाली बैठक में इसी पर अंतिम फैसला लिया जाएगा और उसी दिन सीटों का बंटवारा भी किया जा सकता है।
हार से सीख लेकर जीत की रणनीति
2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत हासिल की थी। अब पार्टी की निगाह उन 42 सीटों पर है जहां हार का सामना करना पड़ा था। यह रणनीति इस बात को साबित करती है कि भाजपा हार को भूलने के बजाय उसे सुधारने का जरिया बना रही है। पार्टी चाहती है कि 2029 में उसका प्रदर्शन और बेहतर हो और इसके लिए अब से तैयारी शुरू कर दी गई है।