हरियाणा में फिर बारिश का अलर्ट, शीतलहर चलने और पारा गिरने की संभावना
1 फरवरी से बदलेगा प्रदेश भर में मौसम

- सत्य खबर हरियाणा
- Haryana Weather Update : जनवरी के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 जनवरी की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं, शीतलहर और घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा। एक फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा समेत मैदानी इलाकों में ठंड और शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है।

- हरियाणा में तापमान में काफी अंतर बना हुआ है। प्रदेश के नारनौल में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो प्रदेश में सबसे कम है। इस दौरान फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। प्रदेश के सिरसा और भिवानी में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम दर्ज किया गया है, हरियाणा के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। बात अगर अधिकतम तापमान की की जाए तो प्रदेश के भिवानी में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। प्रदेश के सिरसा और भिवानी को छोड़कर सभी जगह तापमान 20 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम था।
- मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा में कहीं भी कोई बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने प्रदेश के अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, हिसार, जींद, भिवानी में गहरी कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि पंचकूला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद और चरखी दादरी में भी कोहरा दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने आज के लिए महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
- आईएमडी के अनुसार इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, जो ऊपरी वायुमंडल में तेज पश्चिमी हवाओं के साथ बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के साथ गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में एक फरवरी को व्यापक बारिश और भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी भी दी है। इससे पहाड़ी इलाकों में जनजीवन और यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में एक फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में 31 जनवरी और एक फरवरी को गरज के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने के आसार जताए गए हैं।
- कल 31 जनवरी को हरियाणा की महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा के बाकी इस समय मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 1 फरवरी को पूरे हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद में लगभग सभी स्थानों पर बारिश दर्ज की जाएगी। 1 फरवरी को हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद के अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज होगी। इस दौरान महेंद्रगढ़, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 1 फरवरी के लिए हरियाणा में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद में तेज हवाएं नहीं चलेंगी लेकिन बाकी हरियाणा में तेज हवाएं मौसम में ठंड बढ़ाने का काम करेंगी।
आईएमडी ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। 30 और 31 जनवरी को इन राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे जा सकता है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड अधिक तीव्र महसूस होगी। बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
घने कोहरे की आशंका….
आने वाले दिनों में उत्तर और पूर्व भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में दृश्यता काफी कम हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
#RainAlert #HaryanaWeather #ColdWave #MercuryDrop #WeatherUpdate #HaryanaForecast #RainyDays #ColdTemperature #WeatherWarning #WeatherNews #ExtremeWeather #ChillyDays #ClimateAlert #WeatherForecast #WinterIsComing #StayWarm #WeatherReport #AtmosphericChanges #PrepareForCold