STF से मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग का शूटर निलेश घायल
फैशन डिजाइनर मयंक चावला के शोरूम पर फायरिंग मामले में आरोपी है निलेश

सत्य खबर हरियाणा
Police Encounter : गुरुग्राम के बंधवाड़ी फ्लाईओवर के पास STF और शूटरों के बीच हुई फायरिंग में निलेश उर्फ ढीला (सोनीपत निवासी) घायल हुआ, जिसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निलेश की गिरफ्तारी से गैंग की कई योजनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है। ठीक होने पर पुलिस उसे गिरफ्तार करेगी। मयंक चावला के शोरूम पर फायरिंग के बाद विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी ली थी।
गुड़गांव में अलसुबह दीपक नांदल गैंग के शूटर और एसटीएफ हरियाणा की गुड़गांव टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बदमाश की तरफ से लगातार फायरिंग की जा रही थी। जब एसटीएफ की टीम ने जवाबी कार्रवाई की तो एक गोली बदमाश के पैर पर जा लगी जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया और सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के खिलाफ पीएसआई विकास की तहरीर पर डीएलएफ फेज-1 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 121(1), 132, 221 व 25 आर्मस एक्ट के तहत केस दर्ज कराया गया है। आरोपी की पहचान राई सोनीपत जिले के गांव जाजल निवासी निलेश उर्फ डिल्ला के रूप में हुई है।

फैशन डिजाइनर मयंक चावला के शोरूम पर फायरिंग के मामले में पुलिस के हाथ आया निलेश पांचवां आरोपी है। इससे पहले एसटीएफ ने बहादुरगढ़ के रहने वाले तीन शूटरों और गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। यह फायरिंग रंगदारी वसूली के इरादे से की गई थी। एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि दीपक नांदल गैंग सक्रिय रूप से गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में फायरिंग, रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, एसटीएफ को अलसुबह सूचना मिली थी कि गांव बंधवाड़ी फ्लाईओवर के पास गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के सहयोगी शूटर निलेश उर्फ डिल्ला आने वाला है। सूचना थी कि निलेश उर्फ डिल्ला बिना नंबर की एचएफ डीलक्स बाइक पर यहां से गुजरेगा। इस पर टीम ने उसे रोकने के लिए नाकाबंदी की। जैसे ही टीम उसे रुकवाने का प्रयास कर रही थी तो डिल्ला ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में एसटीएफ स्टाफ तो बच गया, लेकिन जब टीम ने जवाबी कार्रवाई की तो एक गोली डिल्ला के दाएं पैर में लगी जिसके बाद वह जमीन पर गिर गया और टीम ने उसे काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक ऑटोमेटिक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस व चार खोल बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग किए गए हैं। जिसमें से चार राउंड आरोपी की तरफ से किए गए। प्रारंभिक तौर की जांच में सामने आया है कि आरोपी कई संगीन वारदातों में शामिल है और वह लंबे समय से पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था। अब भी वह एक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। फिलहाल मामले में आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत से रिमांड पर लिया जाएगा और उससे पूछताछ की जाएगी।