Haryana: चुनावी रंजिश में पूर्व पालिका प्रधान की हत्या, मृतक की पुत्रवधू ने हराया था आरोपी की पत्नी को

Haryana के सोनीपत जिले के गन्नौर कस्बे में शास्त्री नगर में सोमवार देर रात नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष तथा वार्ड 12 की पार्षद सोनिया शर्मा के ससुर रामकरण शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप पूर्व पालिका उपाध्यक्ष सुनील लंबू पर लगा है। इस घटना को पुरानी चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
रात लगभग साढ़े आठ बजे रामकरण शर्मा अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से कार में निकले थे। जब वह सिविल अस्पताल के पास पहुंचे तो सुनील लंबू ने अचानक उनकी गाड़ी पर फायर कर दिए। गोली सीधे रामकरण के कंधे और सीने के पास लगी, जिससे वह गाड़ी में ही लहूलुहान हो गए। गोली लगने से रामकरण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें गन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सोनीपत के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी सुनील लंबू मौके से फरार हो गया।
गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे और रामकरण को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर थाना गन्नौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सुनील लंबू को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। रामकरण की इस हमले में मौत हो गई।

राजनीतिक रंजिश में हमला
यह हमला राजनीतिक रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पिछले कार्यकाल में सुनील लंबू वार्ड 12 से पार्षद थे और नगरपालिका के उपाध्यक्ष थे। इसी वार्ड से इस बार चुनाव में सोनिया शर्मा ने उनकी पत्नी को हराकर जीत हासिल की थी। इसके बाद से ही दोनों पक्षों में राजनीतिक तनाव चल रहा था।
इलाके में दहशत का माहौल
पूर्व कोच व चेयरमैन रहे रामकरण की गोली मारकर हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गन्नौर के राजनीतिक और खेल जगत से जुड़े लोगों ने इस घटना पर हैरानी जताई है। वहीं, पार्षद सोनिया के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने निजी हॉस्पिटल से शव को कब्जे में लेकर सिविल हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। मौके पर एफएसएल टीम और गन्नौर सिटी थाना पुलिस जांच कर रही है इस दौरान एसीपी ऋषिकांत और उनकी टीम आरोपी की तलाश में जुट चुकी है।