Haryana News: उधारी विवाद में दुकानदार पर गोली, गांव में दहशत, आरोपी विकास ने दी जान से मारने की धमकी

Haryana News: पानीपत के निमबरी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां उधार पर सामान न देने से नाराज होकर एक युवक ने दुकानदार पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली दुकानदार को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। आरोपी ने गांव में पिस्तौल लहराकर दहशत फैला दी और दुकानदार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। गांव वालों ने आरोपी का वीडियो भी बना लिया, जिसे अब पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
उधारी के विवाद में गोली चलाने पहुंचा आरोपी
जानकारी के अनुसार, निमबरी गांव निवासी बलिंद्र ने बताया कि उसके घर के बाहर बने कमरे में उसकी किराने की दुकान है। सोमवार शाम वह किसी निजी काम से बाहर गया था, दुकान पर उसका बेटा रजत बैठा था। शाम करीब सात बजे गांव का ही विकास उर्फ विक्का दुकान पर आया और कोल्ड ड्रिंक, सिगरेट, चिप्स सहित अन्य सामान मांगा, जिसकी कीमत 280 रुपये हुई। विकास ने रजत से कहा कि वह पैसे बाद में देगा। इस पर रजत ने विकास को बताया कि उसके पिता बाहर गए हैं, वह उधार तभी देगा जब वह वापस आएंगे। इसी बात पर विकास और रजत में बहस हो गई और विकास वहां से चला गया।
कार सवार युवकों के साथ लौटकर किया हमला
थोड़ी देर बाद विकास अपने कुछ साथियों के साथ दो कारों में सवार होकर दुकान पर वापस आया और रजत को पैसे देने के नाम पर दुकान से बाहर बुलाया। बाहर आते ही विकास ने रजत पर पिस्तौल से गोली चला दी, लेकिन रजत भागने में सफल रहा और उसकी जान बच गई। गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। विकास और उसके साथी रजत को मारने के लिए उसका पीछा कर रहे थे, इसी दौरान गांव वालों ने विकास की पिस्तौल पकड़ ली। इसी बीच विकास ने हवा में फायर कर दिया और जब एक युवक ने खोल उठाने की कोशिश की तो उसे जान से मारने की धमकी देकर खोल लेकर फरार हो गए।

आरोपी पर पहले से दर्ज है हत्या का मामला
बताया गया है कि आरोपी विकास उर्फ विक्का पर पहले से ही हत्या का मामला दर्ज है। करीब दो साल पहले उसने बापौली थाना क्षेत्र में एक शराब के ठेके के बाहर युवक की हत्या कर दी थी। पीड़ित परिवार भी इसी गांव का है और गुंडों के आतंक से परेशान होकर गांव छोड़ चुका है। इस घटना से गांव में एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला, जल्द होगी गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही चांदनी बाग थाना प्रभारी संदीप अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित के पिता की शिकायत पर आरोपी विकास उर्फ विक्का और अन्य साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस के पास आ गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और गांव में भय का माहौल खत्म करने के लिए पुलिस सख्त कदम उठाएगी।