Jind: सरपंच की मौत के मामले में पुलिस को अब FSL की रिपोर्ट का इंतजार! अब तक पुलिस को नहीं मिला कुछ भी संदिग्ध

Jind। 18 जुलाई की सुबह जींद के पिंडारा गांव में चाबरी गांव के सरपंच की हत्या के मामले में पुलिस भले ही 11 दिन बाद भी खाली हाथ नजर आती हो लेकिन सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले को लगभग पूरी तरह से ट्रेस कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हो सकता है कि यह मामला हत्या का नहीं हो। इससे ज्यादा पुलिस ने इस मामले में अभी कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है।
पुलिस ने इस मामले में 551 फोनों की एक लिस्ट बनाई है, इन फोन को पुलिस ने पूरी तरह से खंगालने का काम किया है। इसमें 500 से ज्यादा फोन को पुलिस खंगाल चुकी है। जो थोड़े फोन बचे हैं, उन्हें भी जल्दी ही खंगाला जाएगा। सूत्रों की मानें तो यह लिस्ट वह थी जो उस दिन घटना के समय घटना के आसपास के दायरे में काम कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने हर तरीके से और हर एंगल से जांच करने का काम लगभग पूरा कर लिया है वह दो एफएसएल की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है जिसमें एक विसरा की रिपोर्ट है और दूसरी फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी वीडियो फुटेज को भी खंगालने का काम किया है। इन सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को कोई ऐसा व्यक्ति नजर नहीं आया है जो सरपंच रोहतास की रेकी करता हुआ या उसका पीछा करता हुआ नजर आया हो। रोहतास ने अपनी मौत से पहले डायल 112 पर फोन किया था। पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस ने उसे फोन को भी 20 बार से ज्यादा दोबारा से सुनने का काम किया है।

इस मामले में पुलिस ने घटना के कुछ ही देर बाद तीन से चार लोगों को राउंडअप किया था लेकिन उन लोगों से पुलिस को इस मामले में कोई भी सुराग नहीं मिला है। हालांकि इस मामले में सरपंच एसोसिएशन भी खड़ी हुई थी लेकिन पिछले 10 दिनों से सरपंच एसोसिएशन ने भी इस मामले में चुप्पी साध ली है।
साइंटिफिक आधार पर आगे बढ़ी जांच
सरपंच हत्या मामले में पुलिस ने पूरी तरह से साइंटिफिक आधार पर जांच को आगे बढ़ाया है। इस मामले में सरपंच ने खुद डायल 112 पर फोन करके उस पर हमला होने की जानकारी दी थी। 5 मिनट के अंदर ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी लेकिन पुलिस को वहां पर सरपंच का शव मिला था। सीसीटीवी फुटेज और फोन लोकेशन के आधार पर पुलिस इस मामले को आगे बढ़ा रही है। इस मामले में पुलिस को दूसरा और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की रिपोर्ट का इंतजार है।
क्या कहते हैं एसपी
इस मामले में जींद के पुलिस कप्तान कुलदीप सिंह का कहना है कि पुलिस ने सरपंच हत्या मामले में हर एंगल से जांच को आगे बढ़ाया है। लेकिन पुलिस को इस मामले में अभी कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। उनका कहना है कि फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की रिपोर्ट के बाद इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।
कायम रहेगा रिकॉर्ड
पिछले 27 साल से जींद पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे पुलिस इंस्पेक्टर बलजीत सिंह का एक रिकॉर्ड कायम रहेगा। बलजीत सिंह इस दौरान कई जगह चौकी इंचार्ज और कई जगह थाना प्रभारी रहे हैं लेकिन उनके इलाके में आज तक कभी कोई मर्डर का केस नहीं हुआ। जब रोहतास सरपंच की हत्या का मामला आया तो माना गया था कि उनका यह रिकॉर्ड टूट रहा है लेकिन जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ी और पुलिस को इस मामले में स्थिति साफ होने लगी तो अब साफ हो रहा है कि इंस्पेक्टर बलजीत सिंह का रिकॉर्ड कायम रह सकता है।
दो एंगल, एक को पुलिस ने पहले दिन ही कर दिया था खारिज
सरपंच की मौत के बाद इस मामले में दो एंगल चर्चा में आए थे एक तो यह है कि सरपंच की तरफ डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा की देनदारी है और हो सकता है कि इसी लेनदेन के चक्कर में सरपंच की जान गई हो और दूसरा यह की सरपंच गांव में शराब ठेके का विरोध कर रहा था। इस मामले में डीएसपी संजय कुमार ने घटना के दिन ही शराब ठेके से इस मामले को जोड़कर देखने की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया था।