Charkhi Dadri में मुस्लिम युवक-हिंदू युवती की शादी पर बवाल, पंचायत ने दिए शादी तोड़ने के आदेश

Charkhi Dadri: हरियाणा के चारखी दादरी जिले के मेहराणा गांव में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती की शादी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। दोनों युवक-युवती इसी गांव के निवासी हैं और 3 जुलाई को कोर्ट मैरिज कर विवाह किया था। इस शादी के बाद गांव के कुछ प्रभावशाली लोग और पंचायत ने इस पर नाराजगी जताई है। पंचायत ने इस शादी को तोड़ने और युवक के परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का फरमान जारी कर दिया है। फिलहाल इस शादी को कानूनी प्रक्रिया के तहत रद्द करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पंचायत ने परिवार का किया सामाजिक बहिष्कार
पंचायत की अध्यक्षता कर रहे धर्मपाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि खीरी सानवाल, पटूवास और मेहराणा गांव के बुजुर्गों की अगुवाई में हुई पंचायत ने युवक के परिवार का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। पंचायत का कहना है कि उन्हें अंतरधार्मिक विवाह से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन दोनों युवक-युवती के एक ही गांव के निवासी होने के कारण यह शादी गांव के भाईचारे और सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ सकती है। पंचायत ने स्पष्ट किया कि यह फैसला गांव के सामाजिक ताने-बाने को बचाने के लिए लिया गया है।

युवती ने दोबारा हिंदू धर्म में लौटने की शपथ ली
पंचायत अध्यक्ष धर्मपाल ने बताया कि इस विवाह को रद्द करने के लिए परिवार और पंचायत के प्रयासों के बाद युवती ने दोबारा अपने पुराने धर्म में लौटने की शपथ पत्र दाखिल किया है। पंचायत ने दावा किया कि युवती ने कुछ समय पहले इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया था, लेकिन अब उसने शपथ पत्र देकर अपनी पुरानी धार्मिक पहचान में लौटने की घोषणा कर दी है। पंचायत का कहना है कि इससे गांव में उत्पन्न हुआ तनाव कुछ हद तक कम हुआ है।
गांव में पुलिस तैनात, स्थिति पर नजर
धर्मपाल ने बताया कि गांव में पहले भी इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न होने के कारण पुलिस बल तैनात किया गया था। युवक के दादा ने पहले ही अपने पोते को गांव में घुसने से मना कर दिया था। पंचायत के एक अन्य सदस्य ने कहा कि युवक, उसके पिता और दादा को तीनों गांवों से निष्कासित कर दिया गया है। पंचायत का कहना है कि एक ही गांव या आसपास के क्षेत्र में रहने वाले युवक-युवतियों का विवाह करना उचित नहीं है क्योंकि इससे सामाजिक ताने-बाने टूटता है और गांव में आपसी भाईचारे में दरार आती है। फिलहाल प्रशासन गांव में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखे हुए है।