हरियाणा के धारूहेड़ा और नारनौंद में नर्सिंग कॉलेज में यौन उत्पीड़न के आरोप धारूहेड़ा में पुलिस ने किया प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज नारनौंद में छात्राओं ने लगाया कॉलेज पर ताला
हरियाणा के धारूहेड़ा और नारनौंद में नर्सिंग कॉलेज में यौन उत्पीड़न के आरोप धारूहेड़ा में पुलिस ने किया प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज नारनौंद में छात्राओं ने लगाया कॉलेज पर ताला

Satya Khabar,Panchkula
हरियाणा के नर्सिंग कॉलेज इस समय सबसे ज्यादा विवादों में हैं। प्रदेश के दो नर्सिंग कॉलेज यौन उत्पीड़न के मामलों को लेकर चर्चा में हैं। हिसार जिले के कागसर गांव स्थित नर्सिंग कॉलेज में पिछले करीब 1 महीने से लगातार विवाद चल रहा है और अब यह विवाद तूल पकड़ने लगा है।
हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज में कल दोबारा से शुरू हुआ बवाल आज भी जारी रहा। शनिवार को कॉलेज की छात्राओं ने कॉलेज का मेन गेट बंद कर दिया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस छात्राओं को कॉलेज के अंदर धकेल रही है। छात्राओं ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए। कॉलेज परिसर में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। छात्राओं का आरोप है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए बुलाई गई थी, लेकिन पुलिस ही उनके साथ जबरदस्ती कर रही है। छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए थे। आरोपों के बाद भी सरकार ने अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की। कॉलेज की छात्राएं पिछले लगभग एक महीने से आंदोलन कर रही हैं। इस मामले में हरियाणा महिला आयोग की भी एंट्री हुई थी। महिला आयोग ने यहां पर छात्राओं की बात को गंभीरता से सुना भी था। छात्राओं ने यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे। कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्रों ने कॉलेज के गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस के साथ छात्राओं की बहसबाजी हो गई। पुलिस जबरदस्ती छात्राओं को हटाने में जुटी है।
इधर हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र के एक गांव में स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। इस मामले में छात्रा ने कॉलेज के प्रिंसिपल के खिलाफ धारूहेड़ा थाना में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी जिले की रहने वाली एक छात्रा नर्सिंग कॉलेज में सेकंड ईयर की छात्रा है। शिकायत में छात्रा ने बताया कि “वो कॉलेज में ही हॉस्टल पर रहती है। एक रात को कॉलेज की स्टूडेंट का फोन आया और उसने कहा कि एक लड़की की तबीयत खराब है और उसे दवाई देनी है। कॉलेज के प्रिंसिपल ने इस दौरान उसे अपने पास बुलाया और फिर उसका हाथ पकड़ा और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो प्रिंसिपल ने उसे अपशब्द कहने शुरू कर दिए। विरोध करने पर छात्रा को धमकी दी गई कि अगर किसी को बताया तो तुम्हारी जिंदगी खराब कर दूंगा। फिर उसे अगले दिन प्रिंसिपल ने फोन कर कर बुलाया और माफी मांगी, लेकिन छात्रा ने इसकी सूचना अपने परिवार को दे दी।”
सूचना के बाद परिजन धारूहेड़ा थाना पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। धारूहेड़ा थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया है कि “नर्सिंग कॉलेज की छात्रा ने प्रिंसिपल के खिलाफ छेड़छाड़ करने की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जल्दी आरोपी प्रिंसिपल को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”