हरियाणा में कोहरे का कहर, हादसों में 5 की मौत, कई घायल
हरियाणा में कोहरे का कहर, हादसों में 5 की मौत, कई घायल

Satya Khabar Panchkula
Accident due to Fog : हरियाणा में सोमवार को भी राज्य के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जिलों में सुबह विजिबिलिटी 5 से लेकर 10 मीटर तक ही रही। इसी वजह से फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत, हिसार और सिरसा में हादसे हुए, जिनमें CISF इंस्पेक्टर, लेडी ASI सहित 5 लोगों की मौत हो गई।
सोनीपत में सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण दो अलग-अलग जगहों पर सड़क हादसे हुए। पहला हादसा जम्मू-कटरा नेशनल हाईवे पर गोहाना के पास हुआ। इस हादसे में ASI सीमा की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक कोहरे के चलते हाईवे पर खड़े ट्रक से पुलिस कर्मचारी सीमा की कार टकरा गई। हादसे में महिला पुलिस कर्मचारी की मौके पर ही मौत गई। यह हादसा जम्मू-कटरा हाईवे पर टोल प्लाजा पर हुआ। बताया जा रहा है कि सीमा जींद कोर्ट कॉम्प्लेक्स में तैनात थी। वह गांव मुरथल से जींद ड्यूटी पर जा रही थीं। सोनीपत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
दूसरा हादसा सोनीपत में केएमपी एक्सप्रेसवे पर हुआ। यहा कोहरे के चलते एक बास डंपर से टकरा गई। बस में आईएमटी खरखौदा में स्थित मारुति प्लांट के कर्मचारी थे। इस हादसे में भी कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। फिलहाल क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों में घायलों का इलाज चल रहा है। सोमवार सुबह के समय ही यह हादसा हुआ।
नूंह जिले में सुबह घने कोहरे के कारण कई भीषण सड़क हादसे सामने आए। दृश्यता बेहद कम होने से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख सड़कों पर वाहन आपस में टकरा गए। इन हादसों में एक CISF इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। थाना पिनंगवा क्षेत्र के अंतर्गत गांव रनियाला पटाकपुर के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण 10-12 वाहन और दो ट्रक आपस में टकरा गए। इस हादसे में CISF इंस्पेक्टर हरीश कुमार शर्मा, निवासी बी-16 अंबेडकर नगर, अलवर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का शव मांडी खेड़ा अस्पताल भिजवाया गया है। हादसे में 4-5 अन्य अज्ञात व्यक्ति घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
इसी क्रम में गांव बनारसी के पास एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 45 के नजदीक भी 7-8 वाहन आपस में टकरा गए। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं दिल्ली–अलवर रोड पर गांव घासेड़ा, नूंह सदर थाना क्षेत्र में रोडवेज बस और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
फरीदाबाद में सोमवार सुबह 8 बजे के करीब घनी धुंध के चलते दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर सीकरी के पास तेज रफ्तार गाड़ी खड़े कंटेनर में घुस गई। इस हादसे में कार ड्राइवर और एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। एक्सप्रेसवे से मथुरा रोड़ पर उतरने वाले रोड़ पर एक बड़ा कंटेनर खड़ा हुआ था। कंटेनर में कुछ खराबी होने के कारण यह सड़क किनारे पार्क था। इस दौरान कार ड्राइवर चालक कंटेनर को देख नहीं पाया और पीछे से गाड़ी उसमें घुस गयी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को गाड़ी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि एक मृतक नाम संदीप है, जो जयपुर का रहने वाला था और दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। सीकरी चौकी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।