PMT में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती में PMT के लिए एक और मौका
बड़ी संख्या में रहे थे अभ्यर्थी अनुपस्थित, 1 से 5 जून तक होगा विशेष PMT

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Police Recruitment : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने पुरुष कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और पुरुष कांस्टेबल (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) भर्ती के लिए शारीरिक माप परीक्षण (PMT) में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को PMT में शामिल होने का एक और मौका देने का फैसला किया है। आयोग ने इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर 1 जून से 5 जून 2026 तक विशेष PMT कार्यक्रम घोषित किया है। आयोग ने साफ कहा है कि इस मौके के अलावा इन अभ्यर्थियों को कोई और मौका नहीं दिया जाएगा।

बता दें कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती की PMT में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे जिसके बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने प्रति पद पांच और उम्मीदवारों को आमंत्रित किया था। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने अब इन अभ्यर्थियों को एक और मौका देकर इस बात को सुनिश्चित करने का काम किया है कि आने वाले समय में जब PST पूरा होगा, उसके बाद परीक्षा के लिए उम्मीदवारों की कमी नहीं रहेगी।
आयोग के अनुसार विज्ञापन संख्या 01/2026 की श्रेणी संख्या 01 और 03 के तहत आयोजित PMT के दौरान जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो सके थे, उन्हें अब एक अंतिम मौका दिया जा रहा है। यह परीक्षण पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
ये रहेगा शेड्यूल
जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 अप्रैल से 1 मई के बीच अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का PMT 1 जून को, 2 मई से 9 मई के बीच अनुपस्थित अभ्यर्थियों का 2 जून को, 11 मई से 16 मई के बीच अनुपस्थित रहे उम्मीदवारों का 3 जून को, 18 मई से 23 मई के बीच अनुपस्थित उम्मीदवारों का 4 जून को तथा 25 मई से 30 मई के बीच अनुपस्थित अभ्यर्थियों का PMT 5 जून को कराया जाएगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को सुबह 6:30 बजे रिपोर्ट करना होगा और सुबह 10 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उम्मीदवारों को अपने प्रवेश पत्र के साथ एक वैध पहचान पत्र भी लाना अनिवार्य होगा।
अलग से नहीं मिलेगा प्रवेश पत्र
HSSC ने यह भी साफ किया है कि इस कार्यक्रम के लिए कोई अलग प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा और न ही डाक या ई-मेल के माध्यम से कोई अलग सूचना भेजी जाएगी। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर भी PMT में उपस्थित नहीं होता है, तो उसे आगे कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा।
#HaryanaPMT #PoliceRecruitment #PMT2023 #HaryanaCandidates #OpportunityKnocks #SecondChance #HaryanaJobs #PoliceExam #HaryanaPolice #ExamUpdate #CareerOpportunities #HaryanaYouth #JobAlert #HaryanaGovernment #RecruitmentNews #HaryanaExams #PoliceForce #HaryanaUpdates #FutureInPolice #HaryanaSuccess