बहादुरगढ़ में दो और गुरुग्राम में एक फैक्ट्री में लगी आग, दो श्रमिक झुलसे
आग लगने के कारण करोड़ों का नुकसान, गुरुग्राम में 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

सत्य खबर हरियाणा
Fire in factories : बहादुरगढ़ और गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्रों में रविवार का दिन हादसों भरा रहा। बहादुरगढ़ में दो अलग-अलग स्थानों पर फैक्ट्रियों में भीषण आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में जहां लाखों के नुकसान की आशंका है, वहीं एक घटना में दो श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं जिन्हें इलाज के लिए पीजीआईएमएस रेफर किया गया है। आज से झुलसे कर्मियों की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी मोनू और कानपुर निवासी दीपक के रूप में हुई है। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इधर गुरुग्राम में मुशदपुर-खुरमपुर गांव के पास स्थित एक फैक्ट्री में आधी रात के बाद अचानक भीषण आग लग गई। करीब आठ घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।

एचएसआईआईडीसी स्थित गद्दा फैक्ट्री में हादसा, दो श्रमिक गंभीर
पहली घटना एचएसआईआईडीसी क्षेत्र की है, जहां प्लॉट नंबर 261 स्थित ‘शांति इंटरप्राइजेज’ में सुबह करीब साढ़े सात बजे अचानक आग लग गई। इस फैक्ट्री में मैट्रेस (गद्दे) बनाने का कार्य होता है। फैक्ट्री कर्मचारी कमल किशोर के अनुसार, घटना के समय अंदर करीब 15 कर्मचारी काम कर रहे थे। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैली, जिसकी चपेट में आने से दीपक (25) और मोनू (30) नामक दो श्रमिक बुरी तरह झुलस गए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआईएमएस रेफर कर दिया गया है।
सेक्टर-17 फुटवियर पार्क की फैक्ट्री में मची अफरा-तफरी
दूसरी बड़ी घटना शहर के सेक्टर-17 स्थित फुटवियर पार्क की एक फैक्ट्री में हुई। यहां रविवार को अचानक भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री से अचानक गहरा धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के एक बहुत बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता और विकराल रूप को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया है। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।
कारणों की जांच में जुटा प्रशासन
फुटवियर पार्क की घटना में राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल दोनों ही फैक्ट्रियों में आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और आग पर पूरी तरह से काबू पाने के बाद ही नुकसान का सटीक आंकलन किया जा सकेगा।
गुरुग्राम में फैक्ट्री में आग
गुरुग्राम में मुशदपुर-खुरमपुर गांव के पास स्थित एक फैक्ट्री में आधी रात के बाद अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते उसने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम के मुताबिक, शनिवार-रविवार रात करीब 1:40 बजे ओम साईंराम इंडस्ट्री में आग लगने की कॉल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मी बिना समय गंवाए मौके के लिए रवाना हो गए। रात का समय होने के कारण शुरुआत में आग की भयावहता का अंदाजा लगाना मुश्किल था, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर तुरंत अन्य फायर स्टेशनों से अतिरिक्त मदद मांगी गई। करीब आठ घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से फायर गाड़ियों को तैनात किया गया। घटना स्थल पर सबसे पहले पटौदी फायर स्टेशन से गाड़ियां पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए मानेसर, भीम नगर, सेक्टर-37 और सेक्टर-29 के फायर स्टेशनों से भी तुरंत फायर ब्रिगेड वाहनों को रवाना किया गया।
राहत की बात यह है कि इस हादसे में फिलहाल किसी भी व्यक्ति के हताहत होने कोई जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि रात का समय होने के कारण फैक्ट्री में श्रमिक नहीं थे। जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।
#HaryanaNews #BahadurgarhFire #GurugramIncident #FactoryFire #WorkerSafety #BurnInjuries #EmergencyResponse #IndustrialAccident #SafetyFirst #HaryanaUpdates #FireSafety #InjuryReport #LocalNews #CommunitySupport #HaryanaFactories #FireDepartment #AccidentAwareness #HealthAndSafety #CrisisManagement #HaryanaCommunity