पेट्रोलियम और गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ाए जा रहे दाम के विरोध में इनेलो उतरी सडक़ों पर
वरिष्ठ नेताओं ने अपने अपने जिलों में संभाली प्रदर्शन की कमान, अभय चौटाला ने कहा, अगर दाम नहीं घटाए तो इनेलो बड़ा फैसला लेगी

सत्य खबर हरियाणा
INLD Agitation : इनेलो पार्टी ने सोमवार को सभी जिलों में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लगातार बढ़ाए जा रहे पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस के दामों के कारण बेतहाशा बढ़ रही महंगाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किए और प्रधानमंत्री के नाम उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपे।

इनेलो के राष्ट्रीय संयोजक संपत सिंह ने हिसार, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कैथल, पूर्व मंत्री एवं इनेलो के पार्लियामेंट्री बोर्ड के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने भिवानी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती और पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने यमुनानगर, इनेलो के राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान ने हांसी, इनेलो विधायक अदित्य देवीलाल ने पलवल, इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने रोहतक और इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने फतेहाबाद जिला में प्रदर्शन की अगुवाई की।
इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण लगातार बढ़ रही महंगाई की मार ने जनता में हाहाकार मचा दिया है। आज फिर से केंद्र सरकार ने कमर्शियल गैस और छोटे सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोलियम और गैस के दामों के विरोध में इनेलो पार्टी का एक एक कार्यकर्ता आज पूरे हरियाणा में सडक़ों पर उतरा, जिसमें भारी संख्या में महिलाएं शामिल हुई। गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल जो रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें हैं। सरकार लगातार इनके दाम बढ़ा रही है। आज भाजपा सरकार द्वारा जो महंगाई की मार जनता पर मारी जा रही है उससे पूरे प्रदेश और देश की जनता बेहद परेशान है। आम जन मानस का जीना दूभर हो गया है। प्रदेश की जनता के पास अब केवल मात्र एक ही विकल्प बचा है कि भाजपा भगाओ और प्रदेश और देश को बचाओ। अभय सिंह चौटाला ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल होने के बावजूद जनता की कोई आवाज नहीं उठा रही है। कांग्रेस का कल्चर ही वातानुकूलित कमरों में बैठ कर राजनीति करने का है। बीजेपी की तरह ही कांग्रेस को भी जनता की परेशानियों से कोई लेना देना नहीं है।
अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पेट्रोलियम और रसोई गैस के दाम नहीं घटाए तो इनेलो जनहित में बड़ा फैसला लेगी।
रोहतक में विधायक अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता डीसी ऑफिस पहुंचे तो पुलिस ने गेट को बंद कर दिया। करीब 15 मिनट तक पुलिस और विधायक अर्जुन चौटाला के बीच बहस होती रही। MLA अर्जुन चौटाला ने चेतावनी भी दी, लेकिन डीसी ज्ञापन लेने नहीं आए। इस पर विधायक भड़क गए। हंगामा बढ़ता देख डीसी सचिन गुप्ता एसपी गौरव राजपुरोहित को लेकर मौके पर पहुंचे। एसपी ने विधायक को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि विधायक ने एसपी को कहा- मैं तेरे से बात नहीं कर रहा। डीसी को कहा कि पकड़ अपना ज्ञापन और वहां से चल दिए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
उधर, सोनीपत में मिनी सचिवालय पर कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मिनी सचिवालय का मुख्य गेट जबरदस्ती खोल दिया और परिसर के अंदर घुस गए। इसे लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की भी हुई। वहीं, कैथल में महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पिहोवा चौक पर मटके फोड़े।
भिवानी में इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन डॉ. वासुदेव शर्मा ने कहा कि “आज हरियाणा की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के दलदल में पूरी तरह धंस चुकी है। वर्तमान सरकार आम आदमी की जेब पर डाका डाल रही है और पूंजीपतियों और ठेकेदारों के एजेंट के रूप में काम कर रही है। हाल ही में करीबन दो सप्ताह के अंतराल में जिस तरह चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं, उसने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। बिजली के भारी-भरकम बिलों के साथ बेतहाशा अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। यह सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और इस असफल एवं भ्रष्ट सरकार से जनता को मुक्ति दिलाना ही इनेलो का मुख्य संकल्प है।”
#HaryanaProtest #INLD #PetroleumPrices #GasCylinderCrisis #PriceRise #FuelHike #PublicOutrage #EconomicStruggle #HaryanaVoices #ProtestForChange #CostOfLiving #CitizensUnite #HaryanaDemands #InflationAwareness #SocialJustice #PoliticalAction #HaryanaUnity #ConsumerRights #DemandForRelief #HaryanaAwakening