मुख्यमंत्री ने योग में भाग लेकर युवाओं को दिया नशा मुक्त समाज का संदेश
312 ईआरवी वाहनों को दिखाई हरी झंडी, जिला ग्रीवेंस की बैठक में 13 शिकायतों का निपटारा

सत्य खबर हरियाणा
CM in Gurugram : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम के लेजर वैली पार्क में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा पुलिस के लिए 312 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में 310 मोटरसाइकिलें और 2 होंडा एलिवेट गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें होंडा इंडिया फाउंडेशन ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रदेश में जन सुरक्षा को और मजबूत बनाने के साथ-साथ आपात स्थिति में लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। नई ईआरवी के माध्यम से पुलिस की पहुंच बढ़ेगी और संकट की स्थिति में लोगों को पहले से अधिक तेजी से सहायता मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि तकनीक और संसाधनों से सुसज्जित पुलिस व्यवस्था ही नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, “ये ERV गाड़ियां समयबद्ध तरीके से सबसे पहले मौके पर पहुंचेंगी। नए वाहनों के जरिए दूर-दराज और संकरी जगहों तक भी त्वरित सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और आपातकालीन सेवाओं की प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार होगा।” मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देश में पुलिस का औसत रिस्पांस टाइम लगभग 18 मिनट है, जबकि हरियाणा पुलिस ने इसे घटाकर मात्र 7 मिनट 3 सेकंड तक पहुंचा दिया है। यह उपलब्धि पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता, बेहतर प्रबंधन और आधुनिक कार्यप्रणाली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता को समय पर सहायता उपलब्ध कराना ही सुशासन का वास्तविक स्वरूप है।
नई व्यवस्था के तहत गुरुग्राम को 60 नई मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट वाहन उपलब्ध कराया गया है। वहीं फरीदाबाद की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 40 नई मोटरसाइकिलें सौंपी गई हैं। सरकार का मानना है कि इससे दोनों शहरों में पुलिस की पहुंच और प्रतिक्रिया समय बेहतर होगा।
योग में लिया भाग
इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड में योग कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत आयोजित किया गया।मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी योग पखवाड़े की घोषणा करते हुए कहा कि जिला, ब्लॉक, पंचायत, गांव और वार्ड स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योग को हर नागरिक की दिनचर्या का हिस्सा बनाना है ताकि समाज स्वस्थ और सशक्त बन सके।
युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि, “विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश का हर नागरिक स्वस्थ हो। योग युक्त हरियाणा, नशा मुक्त हरियाणा हमारा संकल्प है और युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए।”
16 में से 13 शिकायतों का निपटारा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री के समक्ष 16 समस्याएं रखी गई। 13 का मौके पर ही समाधान किया गया है। 3 समस्याओं को पेंडिंग रखा गया है।
गलत रजिस्ट्री करने वाले पर कार्रवाई करने के आदेश के साथ पीड़ित को न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए है। सड़कों की समस्या को लेकर भी रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए गए। तमाम विभागों के द्वारा सड़क निर्माण को लेकर भी रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए गए है।
सीएम ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। सीएम ने कहा कांग्रेस लोगो को बरगलाने का काम कर रही है। सरकारी तंत्र का कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान दुरुपयोग किया था। कांग्रेस को देश से नकारा गया है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस भाषा की मर्यादा को तोड़ने का काम कर रही है।
#Haryana #Gurugram #DrugFreeSociety #YouthEmpowerment #YogaForHealth #ChiefMinisterMessage #HealthyLifestyle #Mindfulness #WellnessJourney #CommunityWellbeing #PositiveChange #YouthAwareness #FitnessForLife #SustainableLiving #MentalHealthMatters #EmpowerYouth #SocialResponsibility #YogaInspiration #HaryanaYouth #HealthyFuture