आज दिल्ली में लियोनेल मेस्सी का भव्य कार्यक्रम, एंट्री नियम और ट्रैफिक एडवाइजरी जानना जरूरी

फुटबॉल जगत के सबसे बड़े सितारों में शुमार लियोनेल मेस्सी आज अपने भारत दौरे के आखिरी दिन दिल्ली में हैं। 15 दिसंबर को उनका कार्यक्रम फिरोजशाह कोटला स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित किया गया है, जहां वे फैंस से रूबरू होंगे। इस खास मौके पर देशभर से बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की उम्मीद है। मेस्सी आज दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे और इसके बाद भारत के मुख्य न्यायाधीश और सेना प्रमुख से मिलने का कार्यक्रम भी तय है।
स्टेडियम में मेस्सी का कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इस आयोजन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। बहादुरशाह ज़फर मार्ग, जेएलएन मार्ग और आसफ अली रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा। दरीयागंज से बहादुरशाह ज़फर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड की ओर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
स्टेडियम में एंट्री के लिए गेट अलग-अलग तय किए गए हैं। बहादुरशाह ज़फर मार्ग और जेएलएन मार्ग की ओर से अलग-अलग गेट से प्रवेश मिलेगा। एंट्री के लिए वैलिड टिकट और सरकारी फोटो आईडी अनिवार्य है। दो साल या उससे अधिक उम्र के बच्चों के लिए भी टिकट जरूरी होगा। QR कोड से छेड़छाड़ पाए जाने पर एंट्री नहीं दी जाएगी।
पार्किंग की सुविधा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर दी गई है, लेकिन स्टेडियम के पास केवल लेबल लगे वाहनों को ही अनुमति मिलेगी। बैग, बाहर का खाना, बोतलें, पावर बैंक और अन्य प्रतिबंधित सामान स्टेडियम के अंदर ले जाने की इजाज़त नहीं होगी। सीमित पार्किंग को देखते हुए फैंस को पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।