पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, आज से हरियाणा में गर्मी करेगी बेहाल
दिन में सिरसा रहा सबसे गर्म, रात के समय रोहतक सबसे ठंडा

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरते ही मौसम ने फिर करवट ली है। बादलों की आवाजाही कम होते ही सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। IMD के अनुसार हरियाणा को आज (7 मई) तीखी गर्मी झेलनी पड़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 से 10 मई के बीच सूरज के तेवर फिर से कड़े होंगे। इससे तापमान में बढ़ोतरी होगी। कल में सिरसा सबसे गर्म रहा जहां तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं रोहतक में दूसरे दिन भी सबसे ठंडी रात रही। यहां तापमान 15.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के चार जिलों में धूल भरी आंधी और 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के मध्य और पश्चिमी हिस्सों विशेषकर सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और जींद के आसपास गरज-चमक के साथ आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार हालांकि 10 मई की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसकी वजह से एक बार फिर मौसम करवट लेगा। इससे बारिश की संभावना बनेगी।
मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा में तेज धूप निकलेगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर सकता है। कुछ इलाकों में शाम के समय हल्की आंधी चलेगी। 8 मई को गर्मी और बढ़ सकती है। तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। हवा शुष्क होने से लू जैसे हालात बन सकते हैं। 9 मई को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में बादल छाएंगे। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 10 मई का मौसम भी ऐसा ही रहेगा। 11 मई को मौसम और सुहावना होगा। हल्की हवाओं के बीच बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि से मौसम सर्द बना हुआ है।
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि 7 मई से 10 मई तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव आने और उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने और रात्रि तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
हरियाणा में अधिकतम तापमान

प्रदेश में अधिकतम तापमान में पहले दिन के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है लेकिन इसके बावजूद प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास तक जा सकता है। प्रदेश के गुरुग्राम में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। हिसार में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सिरसा में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था। इस दौरान यमुनानगर में अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम था। प्रदेश के रोहतक में अधिकतम तापमान 37.5, हिसार में 35.9, अंबाला और चरखी दादरी में 35.4, झज्जर और जींद में 35.3, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ में 35.0, करनाल में 34.8, रेवाड़ी और नूंह में 34.6, भिवानी में 34.5, पलवल में 34.0, सोनीपत में 33.2, पानीपत में 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान

प्रदेश के रोहतक में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सबसे कम था। प्रदेश में रात के तापमान में पहले दिन के मुकाबले 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है और यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। प्रदेश के चरखी दादरी की रात सबसे गर्म रही जहां न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अंबाला में न्यूनतम तापमान 20.5, हिसार में 19.5, करनाल में 17.4, नारनौल में 20.0, भिवानी में 21.0, जींद और सोनीपत में 18.0, झज्जर में 18.3, नूंह में 20.5, पलवल में 19.6, पानीपत में 17.9, रेवाड़ी में 19.6, सिरसा में 19.7 दर्ज किया गया।
1. #HaryanaHeatWave
2. #SirsaTemperature
3. #RohtakNights
4. #WesternDisturbance
5. #WeatherUpdateHaryana
6. #HeatAlert
7. #HaryanaClimate
8. #SummerInHaryana
9. #TemperatureTrends
10. #HaryanaWeatherReport