पूरा हरियाणा शीतलहर की चपेट में, आज भी कोल्ड डे की उम्मीद दक्षिण हरियाणा ने बिगाड़ी हरियाणा की वायु गुणवत्ता
पूरा हरियाणा शीतलहर की चपेट में, आज भी कोल्ड डे की उम्मीद दक्षिण हरियाणा ने बिगाड़ी हरियाणा की वायु गुणवत्ता

Satya Khabar Panchkula
Haryana Weather Update : पहाड़ों से आ रही हवा के कारण पूरा हरियाणा ठंड की चपेट में है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के दौरान प्रदेश में शीत दिवस की स्थिति रहने की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी प्रदेश के लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। माना जा रहा है कि 15 जनवरी के बाद मौसम के तेवर कुछ बदलेंगे। यदि ऐसा नहीं होता है तो फिर से छोटे बच्चों की छुट्टी की जा सकती है। क्योंकि ठंड के साथ-साथ धुंध के कारण हादसों का भी खतरा रहता है। राज्य के कई हिस्सों में ‘बहुत घना कोहरा’ छाया हुआ है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों तक कोहरा जारी रहने का अनुमान लगाया है। धुंध और ठंड को देखते हुए हरियाणा सरकार ने वाहनों की गति कम रखने की सलाह दी है।
हरियाणा में तापमान
राजस्थान की सीमा से सटे जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूंह के साथ-साथ जींद, कैथल और अंबाला में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी हुई है। जींद, कैथल, अंबाला और सिरसा में अधिकतम तापमान 12 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। प्रदेश के गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था। नारनौल में न्यूनतम तापमान 4 और भिवानी में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अंबाला में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था। प्रदेश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से कम बना हुआ था।
हरियाणा का AQI
हरियाणा का औसत AQI आज सुबह 5:30 बजे 389 दर्ज किया गया। कल शाम 6:00 के बाद दक्षिण हरियाणा की हवा में जहर घुलने लगा था। प्रदेश के दक्षिणी हरियाणा की हवा आज सुबह खतरनाक श्रेणी में दर्ज की गई। प्रदेश के सोहना में AQI 649, दुनेला में 561, मानेसर में 550, गुरुग्राम में 472 और धारूहेड़ा में 431 दर्ज किया गया। यह सभी पांच शहर देश के टॉप टेन प्रदूषण इलाकों में शामिल थे। इस दौरान रेवाड़ी में AQI 322, पलवल में 310, फरीदाबाद में 404 दर्ज किया गया। दक्षिणी हरियाणा को छोड़कर बाकी हरियाणा में हवा अस्वस्थ और गंभीर श्रेणी में बनी हुई थी इस दौरान लोहारू ग्रामीण में हवा मध्यम श्रेणी में बनी हुई थी। लोहारू ग्रामीण में आज सुबह AQI 58 दर्ज किया गया। प्रदेश के अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, सिरसा और यमुनानगर में वायु गुणवत्ता अस्वस्थ श्रेणी में दर्ज की गई। इस दौरान बहादुरगढ़, नारनौल, पानीपत, रोहतक, समालखा, सोनीपत में हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग चंडीगढ़ ने हरियाणा के तापमान का ताजा अपडेट दिया है। आज मौसम कल के मुकाबले थोड़ा गर्म रहेगा। रिपोर्ट कहती है कि औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, लेकिन इसके बावजूद ये सामान्य से करीब 3.8 डिग्री कम बना हुआ है। मतलब ठंड अभी भी अपना असर दिखा रही है। मौसम विभाग का साफ कहना है कि हरियाणा में अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को शीतलहर का सामना लगातार करना पड़ेगा।
[post_tags HaryanaWeather
ColdWave
ColdDay
WinterSeason
WeatherUpdate
AirQuality
SouthHaryana
HaryanaNews
WeatherAlert
SatyaKhabar]