90 विधानसभाओं में होंगे अटल स्मृति सम्मेलन, हर विधानसभा के चौक चौराहों पर लगेंगी अटल जी की मूर्तियां : मोहन लाल बड़ौली
90 विधानसभाओं में होंगे अटल स्मृति सम्मेलन, हर विधानसभा के चौक चौराहों पर लगेंगी अटल जी की मूर्तियां : मोहन लाल बड़ौली

Satya Khabar,Panchkula
25 से 31 दिसंबर तक लगेंगे रक्तदान शिविर और सुशासन यात्राएं
24 दिसंबर को भाजपा कार्यालयों में होगा दीपोत्सव
BJP News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी को अटल स्मृति वर्ष के रूप में मना रही है। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई पहचान बनाई है। अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व में जहां देश के विकास को एक नया आयाम मिला, वहीं वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक आधुनिक भारत का निर्माण हो रहा है। वह पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकारिणी में अटल जन्म शताब्दी वर्ष पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित होंगे। हर विधानसभा में कम से कम एक चौक, चौराहा, उद्यान, सड़क का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाएगा और उनकी मूर्ति स्थापित की जाएगी। अटल स्मृति सम्मेलनों में तीन वक्ता अटल जी के जीवन, विचारों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालेंगे।
श्रने कहा कि एक सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रमों के तहत रक्तदान शिविर, सुशासन यात्राएँ एवं प्रभात फेरियाँ आयोजित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर एवं प्रमुख शहरों में कवि सम्मेलन, चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि 24 दिसम्बर को अटल जी की सभी प्रतिमाओं एवं स्मारकों की साफ-सफाई एवं रखरखाव का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 24 दिसम्बर की शाम सभी भाजपा कार्यालयों में दीपोत्सव का आयोजन होगा और इसी दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा पहुँचेंगे। 25 दिसम्बर को पंचकूला में अटल जी की 51 फीट ऊँची भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा और पंचकूला में प्रदेशव्यापी रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि अटल स्मृति सम्मेलनों में लोकसभा में दिए गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण का बड़ी स्क्रीन पर प्रसारण किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने एसआईआर पर बोलते हुए कहा कि एसआईआर का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को बचाने के लिए कांग्रेस एसआईआर का विरोध कर रही है। श्री बेदी ने कहा कि जब सदन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एसआईआर पर कांग्रेस और इंडी दलों के झूठ की पोल खोलनी शुरू की तो राहुल गाँधी और कांग्रेस के नेता चर्चा से भाग खड़े हुए। कांग्रेस नेताओं का इस तरह भागना बताता है कि विपक्ष के मन में चोर है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को मतदाता सूची से बाहर करना और पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ना ही एसआईआर है।
जिला जींद अध्यक्ष तेजेन्द्र ढुल ने बैठक के दौरान जिले की विस्तृत संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के कारण संगठनात्मक दृष्टि से जींद जिला सदैव अग्रणी रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए संगठन विस्तार को और गति देने का आह्वान किया।
कार्यकारिणी को डा. कृष्ण मिड्डा, विधायक देवेंद्र अत्री ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कैप्टन योगेश, विजय पाल, अमरपाल राणा, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, डा. राज, जिला महामंत्री जितेंद्र रोड, पुष्प तायल सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।